सोनी और गूगल इंडिया के बीच ऐतिहासिक एआई कोलैबोरेशन की घोषणा
मुंबई। भारतीय टेलीविजन इतिहास के सबसे बड़े और लोकप्रिय ज्ञान-आधारित रियलिटी शो, ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के फैंस के लिए एक बड़ी खबर है। सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया (SPNI) ने गूगल इंडिया के साथ एक अनूठे और अपनी तरह के पहले कंटेंट कोलैबोरेशन की घोषणा की है। इस साझेदारी के तहत, गूगल के एडवांस एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) मॉडल ‘गूगल जेमिनी’ को केबीसी के आगामी सीजन में एक डिजिटल ‘ज्ञान साथी’ के रूप में इंटीग्रेट किया जा रहा है।
यह इंटीग्रेशन सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन (SET) और ओटीटी प्लेटफॉर्म ‘सोनी लिव’ (Sony LIV) दोनों पर दर्शकों के अनुभव को पूरी तरह बदलने के लिए तैयार है।
रजिस्ट्रेशन से लेकर हॉट सीट की तैयारी तक एआई का साथ
दो दशकों से अधिक समय से केबीसी ने देश के करोड़ों लोगों को प्रेरित किया है। अब इस सफर को और आसान और स्मार्ट बनाने के लिए गूगल जेमिनी शो की सामग्री का अहम हिस्सा बनेगा। शो के नए प्रोमो में महानायक अमिताभ बच्चन अपने खास अंदाज में इस तकनीक और मनोरंजन के अनोखे संगम का स्वागत करते नजर आ रहे हैं।
प्रोमो में बिग बी ने कहा:
”आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई के इस युग में, कौन बनेगा करोड़पति से जुड़ रहा है एक नया भागीदार—गूगल जेमिनी। रजिस्ट्रेशन की पहली सीढ़ी से लेकर हॉट सीट की तैयारी तक, हर कदम पर गूगल जेमिनी आपके साथ रहेगा।”
दर्शकों को कैसे मिलेगा फायदा?
गूगल जेमिनी न केवल दर्शकों को केबीसी की रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और क्राइटेरिया के बारे में तुरंत और सटीक गाइडलाइन देगा, बल्कि जल्द ही इस प्लेटफॉर्म पर खास इंटरैक्टिव चैलेंज भी शुरू किए जाएंगे। इनके जरिए लोग घर बैठे अलग-अलग विषयों पर अपना सामान्य ज्ञान (जीके) बढ़ा सकेंगे और केबीसी की तैयारी कर सकेंगे। केबीसी के रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं, और यूज़र्स goo.gle/kbc या दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन करके इसका हिस्सा बन सकते हैं।
मनोरंजन और तकनीक का नया दौर
सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स इंडिया अपने पाथ-ब्रेकिंग कंटेंट जैसे शार्क टैंक इंडिया और स्कैम 1992 के लिए जाना जाता है। अब केबीसी और गूगल जेमिनी का यह कोलैबोरेशन देश भर के दर्शकों के लिए एंटरटेनमेंट को अधिक इंटेलिजेंट, प्रासंगिक और सुलभ बनाएगा। तकनीक और मनोरंजन का यह मेल भारतीय टेलीविजन उद्योग में एक नए अध्याय की शुरुआत है। अधिक अपडेट के लिए दर्शक सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव पर बने रह सकते हैं।












