यूपी के 5 शहरों में दौड़ेंगी स्मार्ट मोबाइल मेडिकल यूनिट
लखनऊ को ‘पिंक यूनिट’ की सौगात
लखनऊ। शहरी मलिन बस्तियों और श्रमिक अड्डों पर रहने वाले लोगों को अब सामान्य इलाज और जांच के लिए बड़े अस्पतालों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। स्वास्थ्य विभाग की नई पहल के तहत अब मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) सीधे उनके घर और कार्यस्थल तक पहुंचकर ओपीडी, पैथोलॉजी जांच और मुफ्त दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराएगी।
पांच शहरों में तैनात होंगी स्मार्ट यूनिट, लखनऊ को ‘पिंक’ की सौगात
इस योजना को धरातल पर उतारने के लिए राज्य स्वास्थ्य प्रणाली संसाधन केंद्र (SHSRC) द्वारा प्रदेश के पांच प्रमुख शहरों—लखनऊ, गोरखपुर, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी के लिए पांच स्मार्ट मोबाइल मेडिकल यूनिट खरीदी जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, राजधानी लखनऊ की मलिन बस्तियों में रहने वाली महिलाओं और बच्चों के विशेष स्वास्थ्य परीक्षण व इलाज के लिए एक अलग ‘पिंक मोबाइल मेडिकल यूनिट’ भी बेड़े में शामिल की जा रही है।
पीजीआई में चार मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञों संग मंथन
इस सेवा के सुचारू संचालन के लिए सोमवार को एसजीपीजीआई (SGPGI) के हॉस्पिटल एडमिनिस्ट्रेशन विभाग में एक अहम बैठक आयोजित की गई। डॉ. राजेश हर्षवर्धन ने जानकारी दी कि बैठक में बीएचयू (वाराणसी), जीएसवीएम (कानपुर), प्रयागराज मेडिकल कॉलेज और बीआरडी (गोरखपुर) के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के प्रमुख शामिल हुए। इस दौरान मेडिकल कॉलेजों की भूमिका, समुदाय को जोड़ने (मोबिलाइजेशन), डैशबोर्ड के जरिए लाइव मॉनिटरिंग और रेफरल सिस्टम की रूपरेखा तय की गई।
एक ही छत के नीचे मिलेंगी ये प्रमुख सुविधाएं:
ओपीडी और जांच: यूनिट में तैनात डॉक्टर मरीजों को मौके पर ही परामर्श देंगे। साथ ही पैथोलॉजी जांच और रेडियोग्राफी (एक्स-रे आदि) की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
दवा और जागरूकता: मरीजों को निशुल्क दवाओं का वितरण करने के साथ-साथ मौसमी बीमारियों और स्वच्छता के प्रति जागरूक भी किया जाएगा।
प्रतिदिन 50 मरीजों का लक्ष्य: प्रत्येक मोबाइल मेडिकल यूनिट के लिए रोजाना कम से कम 50 मरीजों को देखने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
रेफरल सुविधा: प्राथमिक जांच के दौरान यदि किसी मरीज की स्थिति गंभीर पाई जाती है, तो उसे तत्काल नजदीकी उच्च स्वास्थ्य केंद्र या मेडिकल कॉलेज रेफर किया जाएगा।
♥ द एम्पल न्यूज़ को सहयोग दें
आपका छोटा-सा सहयोग द एम्पल न्यूज़ के संचालन और आगे बढ़ने में हमारी मदद कर सकता है। यदि आप सहयोग करना चाहें, तो PayTM के माध्यम से कर सकते हैं।










