PGI: डाक्टरों को रोबोटिक ट्रेनिंग देने के साथ लोगों को जागरूक करना आवश्यक: प्रो. धीमन

0
48

Pgi में SSI मंत्रा के सहयोग से दो दिवसीय हैंड्स-ऑन पीडियाट्रिक रोबोटिक सर्जरी कार्यशाला का आयोजन*

लखनऊ। PGI के पीडियाट्रिक सर्जिकल सुपरस्पेशलिटी विभाग द्वारा SSI मंत्रा के सहयोग से 20 मई 2026 को पीएमएसएसवाई ब्लॉक में दो दिवसीय “हैंड्स-ऑन पीडियाट्रिक रोबोटिक सर्जरी कार्यशाला” का शुभारंभ किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के अंतर्गत अत्याधुनिक SSI मंत्रा रोबोटिक सर्जरी मोबाइल ट्रेनिंग यूनिट को पीएमएसएसवाई भवन के सामने स्थापित किया गया है, जिससे चिकित्सकों, रेजिडेंट डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को रोबोटिक सर्जरी का व्यावहारिक प्रशिक्षण एवं लाइव सिमुलेशन अनुभव प्राप्त हो सके।

कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर.के. धीमन द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने स्वयं रोबोटिक कंसोल पर सिमुलेशन अभ्यास किया तथा रोबोटिक सर्जरी की तकनीकी बारीकियो व इसके बढ़ते उपयोग और भविष्य की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि रोबोटिक तकनीक आधुनिक शल्य चिकित्सा को नई दिशा प्रदान कर रही है और भविष्य में इसका महत्व और अधिक बढ़ेगा।

यह कार्यशाला पीडियाट्रिक सर्जिकल सुपरस्पेशलिटी विभागाध्यक्ष प्रो. बसंत कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। कार्यक्रम के संचालन में विभाग के सहायक आचार्य डॉ. रोहित कपूर, डॉ. निशांत अग्रवाल, डॉ. तरुण कुमार, विभाग के रेजिडेंट डॉक्टरों एवं ऑपरेशन थिएटर स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रो. बसंत कुमार ने निदेशक प्रो. आर.के. धीमन का विभाग को निरंतर प्रोत्साहन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा पिछले चार वर्षों में 150 से अधिक जटिल रोबोटिक सर्जरी सफलतापूर्वक की जा चुकी हैं, जिससे SGPGIMS पीडियाट्रिक रोबोटिक सर्जरी के क्षेत्र में अग्रणी संस्थानों में शामिल हो गया है।
कार्यक्रम मे प्रतिभागियों को SSI मंत्रा रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम की विशेषताओं एवं क्षमताओं का अनुभव इंटरैक्टिव डेमोंस्ट्रेशन, शैक्षणिक सत्रों एवं सिमुलेशन अभ्यासों के माध्यम से कराया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य न्यूनतम इनवेसिव सर्जरी की उन्नत तकनीकों को बढ़ावा देना, शल्य चिकित्सा की सटीकता को बेहतर बनाना तथा रोगियों के उपचार परिणामों में सुधार लाना है।

पीएमएसएसवाई भवन पर स्थापित यह मोबाइल रोबोटिक ट्रेनिंग बस न केवल चिकित्सकों एवं रेजिडेंट्स को प्रशिक्षण प्रदान कर रही है, बल्कि आम जनता में भी रोबोटिक सर्जरी के प्रति जागरूकता फैलाने का माध्यम बन रही है।
विभाग की ओर से SSI Innovations एवं उनके सहयोगी दल का विशेष आभार व्यक्त किया गया। विभाग ने डॉ. सुधीर श्रीवास्तव, डॉ. विश्वा श्रीवास्तव एवं पूरी SSI क्रू टीम को इस कार्यशाला के सफल आयोजन हेतु धन्यवाद दिया।

Previous articleनौतपा 25 मई से 2 जून तक, इस तरह रखें अपना ध्यान
Next articleभाजपा सरकार में सभी तक पहुंच रहीं सरकार की योजनाएं: ब्रजेश पाठक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here