बदलती जीवन शैली के कारण स्वास्थ्य पर पड़ रहे गम्भीर खतरों के निदान एवं उसके होम्योपैथिक प्रबन्धन पर व्यापक विचार-विमर्श के लिए होम्योपैथिक साइंस कांग्रेस सोसाइटी द्वारा ३ सितम्बर को गोमती नगर स्थित एक होटल में एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के होम्योपैथिक प्रबन्धन विषय पर सुबह ९.३० पर विशेषज्ञ अपनी राय रखेंगे।
संगोष्ठी का उद्देश्य होम्योपैथिक चिकित्सकों को अनियमित जीवनशैली से उत्पन्न बीमारियों जैसे हृदय रोग, मधुमेह, विभिन्न प्रकार के कैन्सर , तनाव, अवसाद, अनिद्रा, पेट के रोग, जोड़ों के रोग, मोटापा आदि के प्रबन्धन एवं उपचार में अपनी भूमिका तय कर जनता को होम्योपैथी का लाभ पहुंचाना है। संगोष्ठी के मुख्य अतिथि किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. एमएलबी. भट्ट एवं विशिष्ट अतिथि उत्तर प्रदेश होम्योपैथी के निदेशक डॉ. बीके. विमल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व निदेशक होम्योपैथी प्रो. बीएन. सिंह करेंगे।
संगोष्ठी के वैज्ञानिक सत्रों में केन्द्रीय होम्योपैथी अनुसंधान परिषद की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. प्रवीन ओबरॉय अनियमित जीवन शैली से उत्पन्न रोगों के होम्योपैथिक प्रबन्धन पर नवीनतम शोध, लुधियाना के डॉ. मनप्रीत बिन्द्रा, हृदय रोगों के होम्योपैथी प्रबन्धन, कानपुर के डॉ. हर्ष निगम मेटाबोलिक डिसआर्डर्स के होम्योपैथिक प्रबन्धन, आगरा के डॉ. पवन पारीख तनाव, अवसाद एवं अन्य मानसिक समस्याओं के प्रबन्धन, पंजाब के डॉ. सैय्यद तनवीर हुसैन कैन्सर एवं लिवर सिरोसिस आदि के प्रबन्धन, दिल्ली के डॉ. दीपक शर्मा जीवनशैली से जुड़े अनेक रोगों के होम्योपैथी प्रबन्धन एवं लखनऊ के डॉ. पंकज श्रीवास्तव अनियमित जीवनशैली से हड्डी एवं जोड़ां की समस्याओं के प्रबन्धन पर शोध पत्र प्रस्तुत करेेंगे। उक्त जानकारी केन्द्रीय होम्योपैथी परिषद के वरिष्ठ सदस्य डॉ. अनुरूद्ध वर्मा ने दी है।












