बड़े मंगल पर राष्ट्रीय सनातन संघ का सेवा एवं श्रद्धा का संगम

0
45

सुंदरकांड पाठ के साथ विशाल भंडारे का आयोजन

लखनऊ। बड़े मंगल के पावन अवसर पर खरगापुर क्षेत्र में राष्ट्रीय सनातन संघ द्वारा श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समरसता का प्रेरणादायी आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत सुंदरकांड पाठ एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के वन एवं पर्यावरण मंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना, भाजपा प्रवक्ता हरिश्चंद्र श्रीवास्तव, चित्रांश महासभा के संजीव सक्सेना, विनोद कुमार श्रीवास्तव, विमलेश श्रीवास्तव, आलोक मिश्रा तथा ‘सरिता प्रवाह’ के संपादक राजेश श्रीवास्तव सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक क्षेत्र से जुड़े व्यक्तित्व उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में सुंदरकांड मंडली द्वारा भक्तिमय वातावरण में सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक ऊर्जा और श्रद्धा का वातावरण व्याप्त हो गया। इसके उपरांत श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों को प्रसाद स्वरूप पूरी-सब्जी, कढ़ी-चावल एवं बूंदी का वितरण किया गया। साथ ही बच्चों को फ्रूटी वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

राष्ट्रीय सनातन संघ के अध्यक्ष दिनेश खरे ने बताया कि संस्था द्वारा यह भंडारा पिछले पांच वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खरगापुर क्षेत्र में बड़ी संख्या में श्रमिक, दिहाड़ी मजदूर एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवार निवास करते हैं। संस्था का उद्देश्य बड़े मंगल के पावन अवसर पर सेवा भाव के साथ इन जरूरतमंद लोगों तक भोजन पहुंचाना और समाज में सहयोग एवं संवेदना की भावना को मजबूत करना है।

कार्यक्रम का समापन हनुमान जी के जयघोष एवं समाज कल्याण की मंगलकामनाओं के साथ हुआ।

Previous articleजिओ हॉटस्टार के सितारे संचिता बसु व धवल ठाकुर ने किये श्री खाटू श्याम बाबा के दर्शन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here