जीपीओ पार्क में पौधारोपण एवं तुलसी वितरण कार्यक्रम
लखनऊ। विश्व पर्यावरण दिवस एवं उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित जीपीओ पार्क में राष्ट्रीय सनातन संघ द्वारा एक प्रेरणादायक एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष दिनेश खरे के नेतृत्व में 101 औषधीय पौधों का विधिवत पौधारोपण किया गया तथा 501 तुलसी पौधों का वितरण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जनकल्याण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने पर्यावरण संतुलन एवं औषधीय पौधों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आज के समय में वृक्षारोपण केवल एक सामाजिक कार्य नहीं बल्कि मानव जीवन की सुरक्षा का आधार बन चुका है। इसी क्रम में अर्जुन, शीशम, पीपल, अमरूद, जामुन, अशोक सहित अनेक औषधीय एवं छायादार पौधों का रोपण कर हरियाली बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सनातन संघ के मीडिया प्रभारी राजेश श्रीवास्तव ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दीर्घायु, स्वस्थ एवं यशस्वी जीवन की कामना हेतु 501 तुलसी पौधों का वितरण किया गया। उन्होंने कहा कि तुलसी न केवल धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह औषधीय गुणों से भरपूर होकर मानव स्वास्थ्य के लिए भी अत्यंत लाभकारी है।
कार्यक्रम में महर्षि विश्वविद्यालय के प्रबंधक अनूप श्रीवास्तव, आलोक मिश्रा, रितु खरे, एमबी सिंह, संजीव सक्सेना, जैनेंद्र पांडे, श्याम कुमार सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करने की अपील की।
यह आयोजन न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि समाज में प्रकृति के प्रति जागरूकता एवं जिम्मेदारी की भावना को भी प्रबल करता है।










