केजीएमयू के विशेषज्ञों ने दी सर्दियों में विशेष सावधानी बरतने की सलाह
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग द्वारा विश्व निमोनिया दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष की थीम “निमोनिया नियंत्रण का एक नया युग” है, जो जागरूकता, टीकाकरण, स्वच्छ वायु और समय पर उपचार के महत्व को रेखांकित करती है ताकि हर अनमोल जीवन की रक्षा की जा सके। विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि ठंड के मौसम (विशेषकर नवंबर से फरवरी के बीच) में निमोनिया का खतरा काफी बढ़ जाता है।
निमोनिया और टीबी में अंतर पहचानना जरूरी
डॉ. सूर्यकान्त ने स्पष्ट किया कि निमोनिया कोई सामान्य सर्दी-जुकाम नहीं, बल्कि फेफड़ों का गंभीर संक्रमण है जिसमें वायुकोषों में तरल पदार्थ भर जाता है। इसके मुख्य लक्षणों में लगातार खाँसी, बुखार, बलगम, सीने में दर्द और साँस फूलना शामिल हैं।
उन्होंने चेतावनी दी कि कई बार टीबी के लक्षण भी सामान्य निमोनिया जैसे ही प्रतीत होते हैं। यदि उचित उपचार के बाद भी 5 से 7 दिन में सुधार न हो, या 2 सप्ताह से अधिक समय तक खाँसी, वजन कम होना, रात में पसीना आना जैसे लक्षण दिखें, तो तुरंत टीबी की जाँच करानी चाहिए। बिना डॉक्टर की सलाह के लगातार एंटीबायोटिक लेने से बैक्टीरिया में प्रतिरोधक क्षमता (एंटीबायोटिक रेजिस्टेंस) बढ़ जाती है।
इन लोगों को है सबसे ज्यादा खतरा
5 वर्ष से कम उम्र के बच्चे
65 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्ग
गर्भवती महिलाएँ
मधुमेह, हृदय, गुर्दे, अस्थमा या सीओपीडी से पीड़ित मरीज
कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोग
बचाव और सुरक्षा के उपाय
टीकाकरण: बच्चों के लिए नियमित राष्ट्रीय टीके तथा पात्र व्यक्तियों के लिए न्यूमोकोकल व इन्फ्लुएंजा वैक्सीन अवश्य लगवाएं।
स्वच्छता और खान-पान: पौष्टिक आहार लें, घर हवादार रखें, नियमित हाथ धोएं और खाँसते-छींकते समय मुँह ढकें।
प्रदूषण से बचाव: दीपावली के बाद पटाखों के धुएँ और वायु प्रदूषण से फेफड़ों को नुकसान पहुँचता है, अतः प्रदूषित हवा से बचें।
धूम्रपान निषेध: धूम्रपान और उसके धुएँ के संपर्क से पूरी तरह दूर रहें।
डॉ. सूर्यकान्त ने आमजन से अपील की है कि लगातार खाँसी या साँस की समस्या को बिल्कुल नजरअंदाज न करें और समय पर चिकित्सीय सलाह लें। इस कार्यक्रम में प्रो. संतोष कुमार, डॉ. अंकित कुमार सहित कई डॉक्टर, कर्मचारी और मरीज उपस्थित रहे











