सड़क हादसे में गंवाया था अंगूठा, 10 घंटे चले जटिल ऑपरेशन के बाद पैर के अंगूठे से दी नई जिंदगी
19 वर्षीय युवक के दाहिने हाथ में हुआ सफल प्रत्यारोपण, बिना सहारे के चल रहा है मरीज
संस्थान में पहली बार हुई ऐसी सर्जरी
लखनऊ। राजधानी के संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉक्टरों ने चिकित्सा जगत में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। सड़क हादसे में दाहिने हाथ का अंगूठा गंवा चुके 19 वर्षीय एक युवक के बाएं पैर का अंगूठा निकालकर उसके दाहिने हाथ में सफलताપૂર્વक प्रत्यारोपित किया गया है। करीब 10 घंटे तक चली इस जटिल सर्जरी के बाद अब युवक का हाथ और पैर दोनों सामान्य रूप से काम कर रहे हैं और वह बिना किसी सहारे के चल पा रहा है।
हाथ के कार्यों में होती है अंगूठे की 40% भूमिका
पीजीआई के प्लास्टिक सर्जन डॉ. राजीव कुमार भारती ने बताया कि 17 मार्च 2026 को एक सड़क हादसे में युवक का दाहिने हाथ का अंगूठा कट गया था और हाथ की दोनों हड्डियां टूट गई थीं। दूसरे अस्पताल में इलाज के बाद भी युवक अपने हाथ से सामान्य काम नहीं कर पा रहा था। चूंकि मानव हाथ के कार्यों में अकेले अंगूठे की भूमिका करीब 40 फीसदी होती है, इसलिए डॉक्टरों ने आगे की कार्ययोजना तैयार की।
मरीज और परिजनों की सहमति के बाद, 30 सितंबर को जनरल एनेस्थीसिया के तहत यह जटिल सर्जरी शुरू की गई:
डबल टीम ऑपरेशन: डॉक्टरों की एक टीम ने हाथ में अंगूठा लगाने के लिए जगह तैयार की, जबकि दूसरी टीम ने बाएं पैर के अंगूठे को उसकी धमनी, नसों (Nerves) और टेंडन (Tendons) समेत बेहद सावधानी से अलग किया।
सूक्ष्म तकनीक: पैर के अंगूठे को थोड़ा छोटा कर हाथ की बची हुई हड्डी से जोड़ा गया। इसके बाद रक्त वाहिकाओं (Blood Vessels) और नसों को माइक्रो-सर्जरी द्वारा जोड़कर रक्त प्रवाह बहाल किया गया।
सफल निगरानी और रिकवरी के बाद अब डॉक्टरों ने युवक को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है।
PGI के निदेशक डॉ. आर.के. धीमन ने इस बड़ी उपलब्धि के लिए पूरी मेडिकल टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता संस्थान में एक समर्पित ‘हैंड ट्रांसप्लांट यूनिट’ स्थापित करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी।
ऑपरेशन में शामिल प्रमुख विशेषज्ञ
इस सफल सर्जरी में प्लास्टिक सर्जरी विभाग के डॉ. अंकुर भटनागर, डॉ. राजीव कुमार भारती, डॉ. निखिलेश कुमार, रेजिडेंट डॉक्टर (डॉ. आइना, डॉ. सुरभि, डॉ. जूही, डॉ. झिलिक, डॉ. शताक्षी, डॉ. प्रज्ञा), एनेस्थीसिया विभाग के डॉ. आशीष कनौजिया व उनकी टीम, तथा ओटी स्टाफ (संजीव, सोनी, रितु, बसंत और पवन) की अहम भूमिका रही।











