लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS) जल्द ही मरीजों के लिए बड़ी राहत देने जा रहा है। संस्थान पुराने और असाध्य रोगों से जूझ रहे मरीजों के लिए ऑनलाइन ओपीडी (टेलीमेडिसिन सेवा) शुरू करने की तैयारी में है। इसके जरिए मरीज घर बैठे विशेषज्ञ डॉक्टरों से परामर्श ले सकेंगे।
संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह ने बताया कि यह सुविधा फिलहाल सुपर स्पेशियलिटी विभागों के पुराने मरीजों के लिए शुरू की जाएगी। केवल अत्यधिक जरूरत होने पर ही मरीजों को अस्पताल आने के लिए कहा जाएगा। इससे मरीजों को अस्पताल के चक्कर, यात्रा खर्च और रुकने की परेशानी से राहत मिलेगी।
रोजाना 5 हजार मरीज पहुंचते हैं ओपीडी
लोहिया संस्थान के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक की ओपीडी में प्रतिदिन करीब 4 से 5 हजार मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। इनमें लगभग 70 प्रतिशत मरीज पुराने रोगी होते हैं, जिन्हें डॉक्टर फॉलोअप के लिए हर एक से तीन महीने में बुलाते हैं।
भीड़ का दबाव कम करने और इलाज को अधिक सुविधाजनक बनाने के लिए संस्थान अपनी अस्पताल सूचना प्रणाली (HIS) को अपग्रेड कर रहा है। उम्मीद है कि अगले तीन से चार महीनों में यह सेवा शुरू हो जाएगी।
इन विभागों के मरीजों को मिलेगा लाभ
टेलीमेडिसिन सेवा का लाभ इन सुपर स्पेशियलिटी विभागों के मरीजों को मिलेगा:
इंडोक्राइनोलॉजी
इंडोक्राइन सर्जरी
नेफ्रोलॉजी
न्यूरोलॉजी
न्यूरो सर्जरी
पल्मोनरी मेडिसिन
कार्डियोलॉजी
गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी
गैस्ट्रो सर्जरी
सीवीटीएस
डिजिटल रिकॉर्ड और ऑनलाइन पर्चे की सुविधा
नई व्यवस्था लागू होने के बाद मरीजों का पूरा मेडिकल रिकॉर्ड डिजिटल रूप में उपलब्ध रहेगा। डॉक्टर और मरीज वीडियो या ऑडियो कॉल के माध्यम से जुड़ सकेंगे। साथ ही दवाओं का पर्चा भी ऑनलाइन जारी किया जाएगा।












