एनेस्थिसियोलॉजी विभाग का 39वां स्थापना दिवस संपन्न
लखनऊ। संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) के एनेस्थिसियोलॉजी विभाग ने शनिवार को प्रो. सोमा कौशिक ऑडिटोरियम में अपना 39वां स्थापना दिवस बड़े ही धूमधाम से मनाया। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर.के. धीमन ने विभाग को बड़ी सौगात देते हुए प्रोफेसर के पदों की संख्या 42 से बढ़ाकर 60 करने की घोषणा की। 18 नए प्रोफेसरों की नियुक्ति के बाद यह देश का पहला ऐसा विभाग बन जाएगा जहाँ 60 फैकल्टी सदस्य मौजूद होंगे।
प्रो. पी.के. सिंह ने दिया 7वां प्रो. सोमा कौशिक ओरेशन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में UPUMS (सैफई) के पूर्व कुलपति एवं AIIMS पटना के पूर्व निदेशक प्रो. पी.के. सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने 7वां प्रो. सोमा कौशिक ओरेशन देते हुए विभागाध्यक्षों और सदस्यों को विभाग के कुशल प्रबंधन व कार्यप्रणाली के गुर सिखाए।
विभाग के अध्यक्ष प्रो. संजय धीराज ने प्रगति रिपोर्ट साझा करते हुए बताया कि मात्र 2 ऑपरेशन थिएटर (OT) से शुरू हुआ यह सफर आज 50 से अधिक OT तक पहुँच चुका है। उन्होंने कहा कि लोग अक्सर एनेस्थीसिया के महत्व से अनजान रहते हैं। इस गैप को भरने के लिए विभाग ‘पेरिऑपरेटिव मेडिसिन’ के कॉन्सेप्ट को बढ़ावा दे रहा है, जिससे एनेस्थिसियोलॉजिस्ट की भूमिका सर्जरी से पहले, उसके दौरान और बाद में भी महत्वपूर्ण रहती है।
स्थापना दिवस के अवसर पर वर्ष 2026 में उत्कृष्ट सेवा देने वाले फैकल्टी, रेजिडेंट्स और स्टाफ को सम्मानित किया गया:
बेस्ट फैकल्टी: डॉ. तापस कुमार सिंह
बेस्ट सीनियर रेजिडेंट्स: डॉ. जैस्मीन कौर, डॉ. अर्पिता यादव, डॉ. श्रद्धा गांगले, डॉ. आयुषी श्रीवास्तव, डॉ. दीक्षा रानी
बेस्ट जूनियर रेजिडेंट III: डॉ. मीनाक्षी के, डॉ. प्रशंसा अत्री, डॉ. राहुल कुमार मिश्रा
नर्सिंग एवं ऑफिस स्टाफ: पवन कुमार दुबे (ऑफिस), सचिन पी जोसेफ व अमित तिवारी (नर्सिंग), चंद्रेश कुमार कश्यप व सुश्री रुचि सिंह (टेक्निकल)
गरिमामयी उपस्थिति और सांस्कृतिक प्रस्तुति
समारोह में डीन प्रो. मनोज जैन, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. देवेंद्र गुप्ता, एक्जीक्यूटिव रजिस्ट्रार कर्नल वरुण बाजपेयी, पूर्व फैकल्टी प्रो. अनिल अग्रवाल व प्रो. शशि श्रीवास्तव सहित कई दिग्गज उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संदीप खुबा रहे, जबकि संचालन में डॉ. सुरुचि, डॉ. सपना यादव व शंकर लाल की प्रमुख भूमिका रही। टेक्निकल स्टाफ की प्रमिला, रुचि, शिवानी, किरण, रिंकी और कौशिकी ने सरस्वती वंदना से समां बांधा। सीनियर टेक्निकल ऑफिसर राजीव सक्सेना ने मीडिया एवं प्रतिनिधि समन्वय का दायित्व निभाया।











