Advertisement
Home Religious देव दीपावली और गुरु नानक जयंती का महापर्व, बन रहा सर्वार्थ सिद्धि...

देव दीपावली और गुरु नानक जयंती का महापर्व, बन रहा सर्वार्थ सिद्धि और शिव योग का दुर्लभ संयोग

0
64


देव दीपावली और गुरु नानक जयंती का महापर्व

​लखनऊ। धर्म, आस्था और आध्यात्म का महासंगम कार्तिक पूर्णिमा, देव दीपावली और श्री गुरु नानक देव जी की जयंती का पावन पर्व मंगलवार, 24 नवंबर को पूरे देश में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस वर्ष पूर्णिमा तिथि पर कृतिका नक्षत्र, शिव योग और सर्वार्थ सिद्धि योग का अत्यंत शुभ संयोग बन रहा है, जो श्रद्धालुओं के लिए विशेष फलदायी रहेगा।

​शुभ मुहूर्त और ग्रह-नक्षत्रों की स्थिति
स्वास्तिक ज्योतिष केन्द्र, अलीगंज के ज्योतिषाचार्य एस.एस. नागपाल के अनुसार, पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर (सोमवार) की रात्रि 11:42 बजे प्रारंभ होकर 24 नवंबर (मंगलवार) की रात्रि 8:23 बजे तक रहेगी। उदयातिथि की मान्यता के अनुसार, पर्व 24 नवंबर को ही मनाया जाएगा। इस दिन प्रातः 07:25 बजे तक चंद्रमा मेष राशि में रहेंगे और इसके उपरांत अपनी उच्च राशि वृषभ में प्रवेश करेंगे। पूरे दिन कृतिका नक्षत्र रहेगा। सायंकाल 04:06 बजे तक परिध योग और उसके बाद कल्याणकारी शिव योग लगेगा। इसके साथ ही प्रातः 06:32 बजे से रात्रि 11:25 बजे तक सर्वार्थ सिद्धि योग भी विद्यमान रहेगा।

​गंगा स्नान, दीपदान और भगवान विष्णु की आराधना का महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही भगवान विष्णु ने सृष्टि की रक्षा के लिए प्रथम ‘मत्स्यावतार’ धारण किया था। इस दिन पवित्र नदियों, विशेषकर गंगा में स्नान और दान करने से अनंत पुण्य फल की प्राप्ति होती है। जो श्रद्धालु नदी तट पर जाने में असमर्थ हैं, वे घर पर ही स्नान के जल में गंगाजल मिलाकर स्नान करें और भगवान विष्णु व शिव की आराधना करें। सायंकाल तुलसी के समक्ष, घर के आंगन और मंदिरों में दीपदान करना अत्यंत शुभ माना गया है। राजस्थान के प्रसिद्ध पुष्कर मेले का शुभारंभ भी इसी दिन होता है।

​काशी में देव दीपावली की छटा
दीपावली के ठीक 15 दिन बाद कार्तिक पूर्णिमा की प्रदोष बेला में देव दीपावली मनाई जाती है। पौराणिक कथा के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर नामक राक्षस का वध किया था, जिसकी खुशी में देवताओं ने स्वर्ग में दीप जलाए थे। मान्यता है कि इस दिन देवता स्वयं काशी की पावन भूमि पर उतरते हैं। उनके स्वागत में वाराणसी के गंगा घाटों को लाखों मिट्टी के दीयों से सजाया जाता है। इस दिन भगवान शिव का अभिषेक व दर्शन करने से ज्ञान, धन, उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्राप्ति होती है।

​श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व
कार्तिक पूर्णिमा के दिन ही सिख धर्म के संस्थापक और प्रथम गुरु, श्री गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व (जयंती) भी मनाया जाएगा। ननकाना साहिब में जन्मे गुरु नानक देव जी एक महान दार्शनिक, योगी और समाज सुधारक थे। उन्होंने भारत, अफगानिस्तान, फारस और अरब सहित अनेक स्थानों की यात्राएं कर मानवता, प्रेम और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया। जीवन के अंतिम वर्षों में उन्होंने करतारपुर नगर बसाया, जहां 22 सितंबर 1539 को वे ज्योति-जोत में समा गए।

♥ द एम्पल न्यूज़ को सहयोग दें

आपका छोटा-सा सहयोग द एम्पल न्यूज़ के संचालन और आगे बढ़ने में हमारी मदद कर सकता है। यदि आप सहयोग करना चाहें, तो PayTM के माध्यम से कर सकते हैं।

PayTM मोबाइल नंबर 9140014727
सहयोग राशि:
₹200 ₹500 ₹1,000 ₹2,000 ₹5,000 ₹10,000
खबरें पढ़ें →
Previous articleप्रिसिजन मेडिसिन से बदल रहा आईसीयू का इलाज
Next articlePGI : नवजात शिशुओं को संक्रमण से बचाने, स्तनपान के महत्व, टीकाकरण के लिए किया जागरूक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here