प्रदेश की राजधानी लखनऊ में स्वाइन फ्लू से पहली मौत

0
61

बलरामपुर अस्पताल में भर्ती 50 वर्षीय महिला की मौत, 17 डॉक्टर-कर्मचारी आइसोलेट

​लखनऊ। प्रदेश में स्वाइन फ्लू ने दस्तक दे दी है। राजधानी लखनऊ के इंदिरानगर निवासी 50 वर्षीय महिला की गुरुवार को इलाज के दौरान बलरामपुर अस्पताल में मौत हो गई। इस सीजन में स्वाइन फ्लू से हुई यह प्रदेश की पहली मौत है, जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है।

​सांस लेने में तकलीफ के बाद कराई थी जांच
जानकारी के अनुसार, महिला को कुछ दिनों से तेज बुखार, सर्दी-जुकाम और सांस लेने में भारी तकलीफ थी। 24 अगस्त को एक निजी पैथोलॉजी में कराई गई जांच में उनमें स्वाइन फ्लू (H1N1) की पुष्टि हुई थी। तबीयत अधिक बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें 25 अगस्त को बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उन्हें वेंटिलेटर और जीवनरक्षक प्रणालियों पर रखा गया था।

​अस्पताल प्रशासन पर रिपोर्ट छिपाने का आरोप
मामले में परिजनों का आरोप है कि शुरुआती इलाज के दौरान अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों को मरीज के स्वाइन फ्लू पॉजिटिव होने की जानकारी नहीं दी गई या इसे अनदेखा किया गया। महिला की मृत्यु के बाद जब परिजनों ने पॉजिटिव रिपोर्ट अस्पताल प्रशासन के सामने रखी, तो हड़कंप मच गया।
​17 डॉक्टर व स्वास्थ्यकर्मी आइसोलेट, KGMU भेजे गए सैंपल
घटना के सामने आते ही बलरामपुर अस्पताल प्रशासन ने तुरंत सतर्कता बढ़ा दी है। महिला के इलाज और देखरेख में शामिल रहे 17 डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों को तुरंत आइसोलेट रहने की सलाह दी गई है। इसके साथ ही, इन सभी स्वास्थ्यकर्मियों और संपर्क में आए अन्य मरीजों के सैंपल लेकर जांच के लिए केजीएमयू (KGMU) की लैब में भेजे गए हैं।

​प्रदेश भर में अलर्ट जारी
लखनऊ के अलावा उत्तर प्रदेश के अन्य जिलों से भी स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मामले सामने आने लगे हैं। पहली मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग ने राज्य भर के अस्पतालों को अलर्ट रहने और स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए आइसोलेशन वार्ड तैयार रखने के निर्देश दिए हैं।

Previous articleराशि अनुसार चुनें राखी का रंग: ज्योतिषाचार्य से जानें भाई के लिए कौन सा धागा रहेगा शुभ
Next articleSGPGI: SMA से पीड़ित 15 बच्चों को मिली भारत में बनी पहली सस्ती जीन मॉडिफायर मेडिसिन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here