
लखनऊ । नर्सेस वीक के अंतर्गत राजकीय नर्सेस संघ, उत्तर प्रदेश शाखा–बलरामपुर चिकित्सालय के नेतृत्व में नर्सेस दिवस का आयोजन किया गया।बलरामपुर चिकित्सालय में उत्कृष्ट कार्य एवं श्रेष्ठ व्यवहार के लिए रजनी मैसी को “उत्कृष्ट सेवा सम्मान” से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बलरामपुर चिकित्सालय से पूर्व में सेवानिवृत्त सुमन वर्मा (सहायक नर्सिंग अधीक्षक), राज श्री (पूर्व सहायक नर्सिंग अधीक्षक), महेंद्र श्रीवास्तव, जितेंद्र बहादुर सिंह (पूर्व सहायक नर्सिंग अधीक्षक), बीना सिंह (पूर्व प्रधानाचार्य, नर्सिंग कॉलेज बलरामपुर) एवं रमा सिंह (कार्यवाहक सहायक नर्सिंग अधीक्षक, सिविल अस्पताल) सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी अतिथियों को माल्यार्पण एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
सभी नर्सिंग अधिकारियों को संबोधित करते हुए महामंत्री अशोक कुमार ने कहा कि आज सभी नेता एवं अधिकारी नर्सिंग संवर्ग को स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ मानते हैं। उन्होंने बताया कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने नवंबर 2025 में आयोजित अधिवेशन में नर्सिंग संवर्ग की पाँच प्रमुख मांगों—गृह जनपद स्थानांतरण, भर्ती, पदोन्नति, एसीपी, बीएससी नर्सिंग की भाँति एमएससी नर्सिंग कोर्स हेतु सवेतन अवकाश, केंद्र के समान भत्ता तथा पालनाघर आदि—पर सहमति व्यक्त की थी।
उन्होंने आगे कहा कि लगभग छह माह बीत जाने के बावजूद अब तक आदेश जारी नहीं किया गया है। अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य, अमित घोष ने फरवरी माह में नर्सिंग प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सभी मांगों पर सहमति प्रदान की थी तथा महानिदेशक द्वारा भी शासनादेश जारी करने हेतु शासन को पत्र भेजा गया, किंतु सभी उच्च अधिकारियों की सहमति के बाद भी आदेश जारी न होने से नर्सिंग संवर्ग में काफी रोष व्याप्त है।
आज के कार्यक्रम की आयोजन समिति में गीताशु वर्मा, आईनिस चार्ल्स, अमिता रौस, स्मिता मौर्य, गीता देवी सिंह, मनषा सिंह, विनय कुमार एवं सत्येंद्र कुमार आदि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान सभी ने फ्लोरेंस नाइटिंगेल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही केक काटकर गीत गाए गए तथा फ्लोरेंस नाइटिंगेल जी के जीवन एवं योगदान पर चर्चा कर कार्यक्रम को यादगार बनाया गया। अंत में सभी ने सामूहिक भोज का आनंद उठाया।












