प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सरिता द्विवेदी और जतिन कुशवाह करेंगे राज्य का प्रतिनिधित्व

0
42

Boccia India Federation Cup

लखनऊ । नई दिल्ली स्थित राजपूताना राइफल्स रेजीमेंटल सेंटर में 3 से 8 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होने वाले 2nd Boccia India Federation Cup 2026 में उत्तर प्रदेश के दो अंतरराष्ट्रीय पैरा-बोच्चिया खिलाड़ी अपना दम दिखाएंगे। राज्य की ओर से सरिता द्विवेदी (BC3 महिला वर्ग) और जतिन कुमार कुशवाह (BC4 पुरुष वर्ग) उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के लिए तैयार हैं।

​इस प्रतियोगिता का आयोजन बोच्चिया इंडिया फेडरेशन (Boccia India Federation) द्वारा दिल्ली डिफेंस वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (DWWA) के सहयोग से किया जा रहा है।
​मेहनत और बढ़ते स्तर का परिणाम: डॉ. प्रियंका यादव
उत्तर प्रदेश पैरा बोच्चिया एसोसिएशन (UPPBA) की सचिव डॉ. प्रियंका यादव ने खिलाड़ियों के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि दोनों एथलीटों का राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित स्पर्धा के लिए चुना जाना प्रदेश में पैरा-बोच्चिया के उभरते स्तर और खिलाड़ियों के कड़े परिश्रम को दर्शाता है।

​अंतरराष्ट्रीय मंचों पर गाड़ चुके हैं सफलता के झंडे
उत्तर प्रदेश के दोनों ही खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर चुके हैं:
​सरिता द्विवेदी (BC3 वर्ग): इन्होंने हाल ही में काहिरा में आयोजित Cairo 2026 World Boccia Challenger की BC3 महिला व्यक्तिगत स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया था।
​जतिन कुमार कुशवाह (BC4 वर्ग): इन्होंने मनामा में आयोजित Manama 2026 World Boccia Challenger की BC4 पुरुष व्यक्तिगत स्पर्धा में कांस्य पदक और युगल स्पर्धा में रजत पदक जीता है। इसके अलावा वे राष्ट्रीय स्तर पर भी स्वर्ण पदक हासिल कर चुके हैं।

​कोच और विशेषज्ञों का मिल रहा मजबूत मार्गदर्शन
खिलाड़ियों को इस मुकाम तक पहुँचाने और उनकी प्रतिस्पर्धात्मक तैयारियों को धार देने में जसप्रीत धालीवाल, डॉ. रवींद्र सिंह (ICMR, नई दिल्ली) और कोच मयूर की अहम भूमिका रही है।

​डॉ. अमित रंजन बने टीम फिजिशियन
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की मेडिकल और स्वास्थ्य संबंधी देखभाल के लिए डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (Dr. RMLIMS), लखनऊ के फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन विभाग के फैकल्टी डॉ. अमित रंजन को पूरे आयोजन के लिए ‘टीम फिजिशियन’ नामित किया गया है।

Previous articleFSDA की जांच में खुलासा: अस्पताल फार्मेसियों में दवाओं का ‘MRP खेल’, खरीद दर से 67 गुना तक वसूली

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here