केजीएमयू में विश्व सीओपीडी दिवस पर जागरूकता शिविर: फेफड़ों की सेहत और बचाव के खास सूत्र
लखनऊ। केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में विश्व सीओपीडी दिवस के अवसर पर एक भव्य रोगी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष विश्व सीओपीडी दिवस “बेहतर जीवन के लिए बीमारी की समय पर पहचान और सही इलाज” थीम के तहत मनाया जा रहा है।
विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि सीओपीडी (क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज) सांस की एक गंभीर बीमारी है।
ग्लोबल गाइडलाइन (गोल्ड-2025) के अनुसार, दुनिया के कुल सीओपीडी मरीजों का लगभग 14 प्रतिशत हिस्सा (करीब 6 करोड़) भारत में है। वहीं, इस बीमारी से होने वाली मौतों में भारत की हिस्सेदारी 25 प्रतिशत (लगभग 3.5 लाख) है, जिसका मुख्य कारण जागरूकता की कमी और समय पर उचित इलाज न मिलना है।
लक्षण और जोखिम कारक
डॉ. सूर्यकान्त ने बताया कि यह बीमारी आमतौर पर 30 वर्ष की आयु के बाद शुरू होती है। सुबह-सुबह खांसी आना इसका पहला लक्षण है, जो बाद में सालभर की खांसी और बलगम में बदल जाता है। बीमारी बढ़ने पर मरीज की सांस फूलने लगती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीओपीडी केवल फेफड़ों की बीमारी नहीं है, बल्कि इससे हृदय, गुर्दे और शरीर के अन्य अंग भी प्रभावित होते हैं। इसे ‘लंग अटैक’ कहा जाता है, जो दिल के दौरे की तरह ही प्राणघातक हो सकता है।
बचाव के पाँच प्रमुख सूत्र
डॉ. सूर्यकान्त ने मरीजों और तीमारदारों को सीओपीडी से सुरक्षित रहने के लिए निम्नलिखित पाँच अचूक उपाय सुझाए:
1. धूम्रपान से दूरी: न तो खुद धूम्रपान करें और न ही इसके सेवन करने वालों के पास बैठें।
2. प्रदूषण और चूल्हे से बचाव: लकड़ी के चूल्हे पर खाना बनाने से बचें और उज्ज्वला योजना के तहत एलपीजी का उपयोग करें। वायु प्रदूषण से बचने के लिए मास्क या रूमाल से नाक-मुंह ढकें और सर्दियों में सुबह की सैर से बचें।
3. टीकाकरण: निमोकोकल और इन्फ्लूवैक जैसे टीके समय पर लगवाएं।
4. पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन: फेफड़ों की कार्यक्षमता बढ़ाने के लिए रिहैबिलिटेशन का सहारा लें।
5. नियमित भाप लेना: वायु प्रदूषण के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए रोजाना भाप लें।
निःशुल्क पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन केंद्र
डॉ. सूर्यकान्त ने जानकारी दी कि केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग में उत्तर प्रदेश का पहला पल्मोनरी रिहैबिलिटेशन केंद्र स्थापित है, जो दुनिया का ऐसा इकलौता केंद्र है जहाँ अस्थमा, सीओपीडी, आईएलडी और ब्रोंकिएक्टेसिस के रोगियों को निःशुल्क परामर्श, खान-पान की जानकारी, काउंसलिंग और विशेष व्यायाम सिखाए जाते हैं।
कार्यक्रम के अंत में डॉक्टरों ने रोगियों के सवालों के जवाब दिए और उनके बीच फल वितरित किए गए। इस दौरान डॉ. आर.ए.एस. कुशवाहा, डॉ. संतोष कुमार, डॉ. राजीव गर्ग, डॉ. दर्शन बजाज समेत कई वरिष्ठ चिकित्सक और बड़ी संख्या में मरीज व उनके परिजन उपस्थित रहे।
♥ द एम्पल न्यूज़ को सहयोग दें
आपका छोटा-सा सहयोग द एम्पल न्यूज़ के संचालन और आगे बढ़ने में हमारी मदद कर सकता है। यदि आप सहयोग करना चाहें, तो PayTM के माध्यम से कर सकते हैं।












