डिजिटल डेस्क, मुंबई: क्रिकेट के मैदान पर अपनी ताबड़तोड़ बल्लेबाजी और शांत स्वभाव के लिए मशहूर भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने हाल ही में खेल के सबसे लंबे और कठिन फॉर्मेट—टेस्ट क्रिकेट—से जुड़े अपने व्यक्तिगत अनुभवों पर दिल खोलकर बात की है। सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन के नए शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ के दौरान भारतीय कप्तान ने बताया कि टेस्ट मैच के दौरान घबराहट के कारण वे अक्सर रात-रात भर सो नहीं पाते थे और इस दौरान वे खुद को शांत रखने के लिए क्या उपाय करते थे।
”रात भर जागा रहता था, अंदर बहुत घबराहट होती थी”
शो में जब रोहित से देर रात लगने वाली भूख और कम्फर्ट फूड के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने टेस्ट क्रिकेट के अपने दिनों की यादों को साझा किया। उन्होंने स्वीकार किया कि अपने सबसे पसंदीदा फॉर्मेट को खेलते समय उन पर किस कदर मानसिक दबाव होता था।
रोहित शर्मा ने कहा, “मैं झूठ नहीं बोलूंगा, जब भी मैं टेस्ट मैच खेलता था, तो अंदर बहुत घबराहट होती थी। टेस्ट मैच खेलना मेरा सबसे पसंदीदा फॉर्मेट रहा है, लेकिन यह बिल्कुल आसान नहीं होता। हर फॉर्मेट की अपनी चुनौतियां होती हैं, पर टेस्ट मैच की बात अलग है। इसी नर्वसनेस की वजह से मुझे अक्सर नींद नहीं आती थी और मैं रात भर जागता रहता था।
मां के हाथ के ‘बेक्ड बनाना वेफर्स’ बने सहारा
देर रात तक जागने के कारण लगने वाली भूख से निपटने के लिए रोहित एक खास चीज अपने साथ रखते थे। उन्होंने खुलासा किया कि उनका कम्फर्ट फूड उनकी मां के हाथ के बने केले के वेफर्स (चिप्स) थे।
इस स्नैक की खासियत बताते हुए उन्होंने कहा, “जब आप रात भर जागे रहते हो, तो कुछ न कुछ खाने का मन करता ही है। इसलिए मैं हमेशा अपने साथ अपना कम्फर्ट फूड रखता था, जो मेरी मम्मी बनाकर देती थीं—बनाना वेफर्स। खास बात यह थी कि वो फ्राइड (तले हुए) नहीं होते थे। मेरी मम्मी के कुछ खास तरीके थे, वे उन्हें बेक करती थीं। मैं हमेशा उन्हें अपने साथ सफर में रखता था और जब भी देर रात मन करता, खा लेता था।
रोहित शर्मा का यह बेबाक अंदाज और मैदान के इतर उनकी निजी जिंदगी की ये झलकियां फैंस को काफी पसंद आ रही हैं। क्रिकेट प्रेमियों के लिए उनका यह स्पेशल शो ‘फैमिली फुल हाउस विद रोहित शर्मा’ 19 सितंबर से रोजाना रात 9:30 बजे सोनी एंटरटेनमेंट टेलीविजन और सोनी लिव (Sony LIV) पर प्रसारित किया जाएगा।












