प्रधानमंत्री टी.बी. मुक्त भारत अभियान के तहत मिली नई राष्ट्रीय जिम्मेदारी, केजीएमयू कुलपति ने दी बधाई।
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सूर्यकान्त को राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत गठित नेशनल टास्क फोर्स (एन.टी.एफ) का राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इस टास्क फोर्स का मुख्य उद्देश्य देश के मेडिकल कॉलेजों में टीबी उन्मूलन गतिविधियों को मजबूत करना और राष्ट्रीय कार्यक्रम का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है।
डॉ. सूर्यकान्त ने इस अवसर पर कहा कि टीबी मुक्त भारत का संकल्प केवल पीड़ित व्यक्ति और उसके परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि ‘प्रधान से प्रधानमंत्री’ तक प्रत्येक व्यक्ति को टीबी के खिलाफ इस जन-अभियान में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। साथ ही, मेडिकल कॉलेजों को टीबी की शीघ्र पहचान, गुणवत्तापूर्ण उपचार, दवा-प्रतिरोधी टीबी की देखभाल, नवीन शोध और जन-जागरूकता के केंद्र के रूप में सशक्त करना उनकी प्राथमिकता होगी।
अपनी नई जिम्मेदारी के तहत वे देश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों, सेंट्रल टीबी डिवीजन (सी.टी.डी), जोनल टास्क फोर्स (जेड.टी.एफ), स्टेट टास्क फोर्स (एस.टी.एफ) और मेडिकल कॉलेज कोर कमेटियों के बीच समन्वय स्थापित कर टीबी उन्मूलन गतिविधियों को गति देंगे।
केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद ने डॉ. सूर्यकान्त को बधाई देते हुए कहा कि यह नियुक्ति न केवल केजीएमयू बल्कि उत्तर प्रदेश और पूरे देश के चिकित्सा समुदाय के लिए गौरव का विषय है।












