गरबा-करवा नाइट में महिलाओं ने मचाया धमाल

0
69

डांडिया की धुन पर झूमी महिलाएं

लखनऊ। जम के रखना कदम मेरे साथिया…, और आ देखे जरा, किसमें कितना है दम…। जैसे फिल्मी गीतों की धुन पर राजधानी की महिलाएं जमकर थिरकीं। मौका था रेडिसन पार्क इन होटल में ए टच ऑफ आनंद की ओर से आयोजित गरबा एंड करवा नाइट का। संगीत, नृत्य, फैशन और मस्ती से सजी इस शाम में महिलाओं ने रैंप वॉक से लेकर डांडिया क्वीन प्रतियोगिता तक में अपनी प्रतिभा और हुनर का शानदार प्रदर्शन किया।

केवल महिलाओं के लिए आयोजित इस संगीतमय संध्या में शहरभर से पहुंचीं कामकाजी महिलाओं और गृहिणियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया। फिल्मी गीतों पर जमकर नृत्य हुआ तो डांडिया की खनक और आकर्षक परिधानों ने आयोजन में चार चांद लगा दिए। महिलाओं ने स्वादिष्ट व्यंजनों का भी लुत्फ उठाया।

कार्यक्रम की संयोजिका आकांक्षा आनंद ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य दफ्तरों में काम करने वाली महिलाओं के साथ-साथ घर-परिवार की जिम्मेदारियां निभाने वाली गृहिणियों को भी ऐसा खुशनुमा माहौल देना है, जहां वे रोजमर्रा की व्यस्तताओं से निकलकर अपने लिए कुछ पल जी सकें। उन्होंने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी महिलाओं के लिए मनोरंजन, मेल-मिलाप और प्रतिभा प्रदर्शन का विशेष अवसर तैयार किया गया।

प्रतियोगिताओं में रचना श्रीवास्तव को करवा क्वीन का खिताब मिला, जबकि स्वामिता डांडिया क्वीन चुनी गईं। बेस्ट ड्रेस का पुरस्कार रीतू मारवाह और बेस्ट डांसर का खिताब रिशु राज सिंह को मिला। वहीं, रैंप वॉक में सरिता सिंह ने पहला स्थान हासिल किया।

उत्साह, उमंग और संगीत से सराबोर इस शाम में महिलाओं ने नृत्य और फैशन के मंच पर अपनी प्रतिभा का जलवा बिखेरा। गरबा-डांडिया की थाप और फिल्मी गीतों के बीच सजी यह महफिल महिलाओं के लिए यादगार बन गई।

Previous articleSGPGI में प्रदेश का पहला नोट्टो-अनुमोदित ट्रांसप्लांट कोऑर्डिनेटर ट्रेनिंग प्रोग्राम शुरू
Next articleनवविहान संस्था ने दिया चाणक्य सम्मान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here