दिल्ली में मामले 2,300 पार, नोएडा में 24 घंटे में 8 गुना बढ़े मरीज
लखनऊ। दिल्ली-एनसीआर में स्वाइन फ्लू (H1N1) का संक्रमण तेजी से पांव पसार रहा है। बढ़ते मामलों को देखते हुए क्षेत्र के सभी अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। दिल्ली में अब तक स्वाइन फ्लू के मरीजों की संख्या बढ़कर 2,308 हो गई है, जबकि इन्फ्लुएंजा ए और बी के कुल मामले 3,000 के आंकड़े को पार कर चुके हैं।
नोएडा में स्थिति बेकाबू: 24 घंटे में मिले 105 नए केस
गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) में संक्रमण की रफ्तार ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। जिले में महज 24 घंटे के भीतर मरीजों की संख्या 8 गुना बढ़कर 15 से 120 पर पहुंच गई। मंगलवार को एक ही दिन में 105 नए मरीज मिलने से हड़कंप मच गया। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने जिले में सख्त गाइडलाइन जारी की हैं।
निजी लैब और पीजीआई में चल रही जांच
मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी के अनुसार, मंगलवार को सामने आए सभी मामलों की पुष्टि निजी अस्पतालों में हुई जांच से हुई है। जिले में विशेष लैब न होने के कारण नमूनों को जांच के लिए चाइल्ड पीजीआई भेजा जा रहा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में भी रोजाना संदिग्ध मरीजों की भीड़ बढ़ रही है।
जांच महंगी होने से सटीक आंकड़ों पर संशय
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, स्वाइन फ्लू की जांच महंगी होने के कारण हर संदिग्ध मरीज का टेस्ट नहीं हो पा रहा है। इस वजह से वास्तविक संक्रमितों की संख्या आधिकारिक आंकड़ों से कहीं अधिक हो सकती है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे लक्षण दिखने पर खुद से दवा न लें और तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।












