Advertisement
Home Medical News आयरन के साथ विटामिन-D देने से तेजी से बढ़ता है हीमोग्लोबिन, AIIMS...

आयरन के साथ विटामिन-D देने से तेजी से बढ़ता है हीमोग्लोबिन, AIIMS के शोध में खुलासा

0
31

​लखनऊ / नई दिल्ली। देश में लाखों लोगों, खासकर महिलाओं और बच्चों को प्रभावित करने वाली एनीमिया (खून की कमी) की बीमारी के इलाज को लेकर एक बड़ी चिकित्सकीय सफलता हाथ लगी है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली के विशेषज्ञों द्वारा किए गए एक ताजा शोध में यह बात सामने आई है कि आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया (IDA) के इलाज में केवल आयरन की गोलियां ही काफी नहीं हैं, बल्कि साथ में विटामिन-D3 देने से मरीजों की रिकवरी काफी तेजी से होती है।

​अंतरराष्ट्रीय जर्नल में प्रकाशित हुआ शोध
फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव ने एक प्रेस विज्ञप्ति के जरिए इस महत्वपूर्ण अध्ययन की जानकारी साझा की। प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय शोध पत्रिका ‘The Journal of Nutrition’ में प्रकाशित और ICMR द्वारा वित्तपोषित इस शोध का नेतृत्व AIIMS के फार्माकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. हरलोकेश नारायण यादव ने किया। उनकी टीम में हेमेटोलॉजी, मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी और बायोस्टैटिस्टिक्स विभाग के कई वरिष्ठ डॉक्टर शामिल थे।

​क्या कहते हैं शोध के आंकड़े?
अप्रैल 2023 से जुलाई 2025 के बीच 385 वयस्क मरीजों पर 90 दिनों तक यह अध्ययन किया गया। मरीजों को तीन समूहों में बांटकर उनके इलाज के असर को देखा गया, जिसके नतीजे चौंकाने वाले रहे:
​हीमोग्लोबिन में उछाल: जिन मरीजों को आयरन के साथ विटामिन-D3 दिया गया, उनका औसत हीमोग्लोबिन स्तर 11.95 g/dL तक पहुंच गया, जबकि केवल आयरन लेने वाले समूह में यह 10.48 g/dL ही रहा।
​आयरन स्टोर (फेरिटिन) में वृद्धि: विटामिन-D लेने वाले समूह में शरीर का आयरन भंडार (फेरिटिन) 51.62 ng/mL दर्ज किया गया, जो केवल आयरन लेने वाले समूह (36.16 ng/mL) के मुकाबले काफी अधिक था।
​बेहतर रक्त मानक: संयुक्त उपचार पाने वाले मरीजों के रेड ब्लड सेल (RBC) काउंट और अन्य रक्त मानकों में भी उल्लेखनीय सुधार देखा गया।

​मरीज की संपूर्ण पोषण जांच जरूरी: विशेषज्ञ
शोध के प्रमुख डॉ. हरलोकेश नारायण यादव का कहना है कि अक्सर आयरन थेरेपी के बावजूद कई मरीजों का हीमोग्लोबिन नहीं बढ़ता। इसके पीछे शरीर में विटामिन-D की कमी एक बड़ा कारण हो सकती है। वहीं, फार्मेसिस्ट फेडरेशन के अध्यक्ष सुनील यादव ने इसे जनस्वास्थ्य के लिए अहम बताते हुए कहा कि डॉक्टरों को एनीमिया के इलाज के दौरान अन्य पोषक तत्वों की कमी की भी जांच करनी चाहिए।
​डॉक्टर की सलाह के बिना न लें सप्लीमेंट
विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि यह शोध किसी भी व्यक्ति को बिना डॉक्टरी परामर्श के विटामिन-D या आयरन की भारी खुराक लेने की सलाह नहीं देता है। किसी भी सप्लीमेंट की शुरुआत ब्लड टेस्ट और डॉक्टर की देखरेख में ही की जानी चाहिए।

♥ द एम्पल न्यूज़ को सहयोग दें

आपका छोटा-सा सहयोग द एम्पल न्यूज़ के संचालन और आगे बढ़ने में हमारी मदद कर सकता है। यदि आप सहयोग करना चाहें, तो PayTM के माध्यम से कर सकते हैं।

PayTM मोबाइल नंबर 9140014727
सहयोग राशि:
₹200 ₹500 ₹1,000 ₹2,000 ₹5,000 ₹10,000
खबरें पढ़ें →
Previous articleUP में पांच साल में 36.7% घटा वायु प्रदूषण

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here