Kgmu में अब मात्र ₹500 में मिलेगी आधुनिक PRP थेरेपी

0
54

मरीजों को मिलेगा प्राकृतिक तरीके से उपचार का लाभ

लखनऊ। गंभीर चोट, जोड़ों के दर्द, बाल झड़ने की समस्या, पुराने घाव और त्वचा से जुड़ी कई समस्याओं के इलाज के लिए अब मरीजों को महंगी PRP (प्लेटलेट रिच प्लाज्मा) थेरेपी के लिए हजारों रुपये खर्च नहीं करने पड़ेंगे। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग ने अपने ब्लड सेंटर में ऑटोलॉगस प्लेटलेट रिच प्लाज्मा (PRP) थेरेपी की सुविधा शुरू की है, जहां यह उपचार सिर्फ ₹500 में उपलब्ध कराया जा रहा है।

केजीएमयू के ब्लड ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग प्रमुख प्रो.तूलिकाचंद्रा ने बताया कि PRP थेरेपी शरीर की प्राकृतिक उपचार क्षमता को बढ़ाने वाली आधुनिक तकनीक है। इसमें मरीज के अपने शरीर से लगभग 40-50 मिलीलीटर रक्त लिया जाता है। विशेष प्रक्रिया द्वारा इस रक्त से प्लेटलेट्स और ग्रोथ फैक्टर्स से भरपूर प्लाज्मा अलग किया जाता है, जिसे उसी मरीज के प्रभावित हिस्से में इंजेक्ट किया जाता है। चूंकि इसमें मरीज के अपने ही रक्त का उपयोग होता है, इसलिए एलर्जी या शरीर द्वारा अस्वीकार किए जाने (रिजेक्शन) का खतरा लगभग नहीं के बराबर होता है।

प्रो.तूलिका ने बताया कि यह थेरेपी कई बीमारियों और समस्याओं में लाभदायक मानी जाती है, जैसे-खेल या अन्य कारणों से हुई मांसपेशियों, टेंडन और लिगामेंट की चोटें। घुटनों के शुरुआती ऑस्टियोआर्थराइटिस (जोड़ों का घिसाव) में प्रयोग किया जाता है।

बाल झड़ने की समस्या में बालों की जड़ों को सक्रिय करने के लिए। चेहरे की त्वचा में निखार, झुर्रियां कम करने और मुंहासों के निशान कम करने में। लंबे समय से न भरने वाले या पुराने घावों के उपचार में प्रयोग होता है।

उपचार के बाद मरीज सामान्यतः उसी दिन अपनी रोजमर्रा की गतिविधियां शुरू कर सकता है। हालांकि, इसका पूरा लाभ दिखने में कुछ सप्ताह लग सकते हैं और बीमारी के अनुसार एक से अधिक सत्र की आवश्यकता हो सकती है।

अब तक PRP थेरेपी के लिए बाजार में उपलब्ध किट का उपयोग किया जाता था, जिसकी लागत लगभग ₹8,000 प्रति सत्र आती थी। इतनी अधिक कीमत होने के कारण अनेक मरीज इस आधुनिक उपचार का लाभ नहीं ले पाते थे।

केजीएमयू के ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग ने इस उपचार को मात्र ₹500 में उपलब्ध कराकर इसे आम जनता, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों के लिए सुलभ बना दिया है। यह सुविधा लगभग एक माह पहले ब्लड सेंटर में शुरू की गई है और सभी पात्र मरीज इसका लाभ उठा सकते हैं।

यह पहल आधुनिक, सुरक्षित और किफायती उपचार को आम लोगों तक पहुंचाने की दिशा में केजीएमयू का एक महत्वपूर्ण कदम है।

Previous articleबलरामपुर अस्पताल में हड़कंप : इमरजेंसी की छत पर 6 दिन से सड़ रही थी लाश, बदबू फैली तो खुला राज!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here