लखनऊ। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक बुधवार को किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के लॉरी कार्डिंयोलॉजी विभाग पहुंचे। यहां पर भर्ती चल रहे भारतीय जनता पार्टी के मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित के स्वास्थ्य की जानकारी ली आैर डाक्टरों से बात करके आवश्यक दिशा निर्देश दिये। इसके साथ ही उन्होंने ट्रामा सेंटर में हरिओम सेवा केन्द्र द्वारा दिये गये बीस स्ट्रेचर केजीएमयू को सौंपा। बाहर निकलने पर वेंटिलेटर फुल होने पर एम्बुलेंस से लोहिया संस्थान रेफर हो रहे मरीज के तीमारदार से बात चीत की।
वेंटिलेटर यूनिट फुल होने की जानकारी मिलने पर ट्रामा सेंटर के तीसरे तल पर स्थित ट्रामा वेंटिलेटर यूनिट व पांचवे तल पर क्रिटकल केयर वेंटिलेटर यूनिट का निरीक्षण किया। इस दौरान पांचवें तल पर तकनीकी खराबी के कारण कुछ वेंटिलेटर यूनिट का संचालन न होने पर नाराजगी भी जतायी आैर जल्द से जल्द ठीक कराने के निर्देश दिये। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने मरीज को लोहिया संस्थान के अधिकारियों से बात कर भर्ती कराना भी सुनिश्चत कराया।
बुधवार की शाम को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ट्रामा सेंटर से बाहर निकल रहे थे कि एम्बुलेंस पर मरीज जाता देख तीमारदार से जाने का कारण पूछा तो तीमारदार ने बताया कि वेंटिलेटर फु ल होने के कारण लोहिया संस्थान रेफर किया जा रहा है। इस पर उपमुख्यमंत्री ने केजीएमयू के पदाधिकारियों से वेंटिलेटर की कमी व फुल होने कर आश्चर्य जताया आैर लोहिया संस्थान में ब्रोन हेमरेज के मरीज हीरा लाल को भर्ती कराना सुनिश्चित कराया। इसके बाद उपमुख्यमंत्री निरीक्षण करने चल पड़े। सबसे पहले वह तीसरे तल पर स्थित टीवीयू पहुंचे। यहां पर 18 वेंटिलेटर फुल चल रहे थे। इसके बाद पांचवे तल पर चल रही वेंटिलेटर यूनिट देखने पहुंचे। बताया जाता है कि यहां पर कुछ वेंटिलेटर का संचालन तकनीकी खराबी के कारण नहीं हो रहा था। इस पर उन्होंने जल्द से जल्द गड़बड़ी को दूर कराने का निर्देश दिया। वही लोहिया संस्थान प्रशासन के अनुसार उपमुख्यमंत्री के निर्देशानुसार मरीज को भर्ती करके इलाज शुरू कर दिया गया था। केजीएमयू प्रवक्ता डा. सुधीर का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है।












