ODOP उत्पादों को मिलेगा बड़ा बाजार, ‘शिल्पित’ ब्रांड से होगी बिक्री

0
30

अमेजन, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट और जेप्टो पर भी मिलेंगे यूपी के उत्पाद, उद्यमियों को एक सप्ताह में भुगतान

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को देशभर के बाजार तक पहुंचाने के लिए उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम शिल्पित ब्रांड के तहत नई विपणन योजना शुरू करने की तैयारी में है। इसके जरिए एक जिला एक उत्पाद (ODOP) और एक जिला एक व्यंजन (ODOC) के उत्पादों की बिक्री रिटेल स्टोर के साथ अमेजन, फ्लिपकार्ट, ब्लिंकिट और जेप्टो जैसे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर की जाएगी। योजना के तहत शुरुआती चरण में दो रिटेल स्टोर खोले जाएंगे। खास बात यह है कि प्रस्तावित व्यवस्था में उद्यमियों को एक सप्ताह के भीतर भुगतान और नहीं बिकने वाले स्टॉक की वापसी का प्रावधान भी रखा गया है।

सोमवार को लखनऊ के होटल ताजमहल में निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग की अध्यक्षता में आयोजित 269वीं निदेशक मंडल की बैठक और वार्षिक आमसभा (एजीएम) में योजना को सैद्धांतिक सहमति प्रदान की गई। बैठक में योजना के प्रचार-प्रसार और आगे की कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

चार शहरों में बनेंगे वेयरहाउस

योजना के पहले चरण में दो रिटेल स्टोर के माध्यम से उत्पादों की बिक्री शुरू करने का प्रस्ताव है। उत्पादों की आपूर्ति के लिए पहले लखनऊ और कानपुर में वेयरहाउस स्थापित किए जाएंगे। अगले चरण में आगरा और मुरादाबाद में भी वेयरहाउस खोलने की योजना है। इन केंद्रों से रिटेल स्टोर और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म तक उत्पाद पहुंचाए जाएंगे।
निगम अपने ऑनलाइन स्टोर के साथ अमेजन, फ्लिपकार्ट और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट व जेप्टो के माध्यम से भी उत्पादों की बिक्री करेगा। बिक्री के आंकड़ों और बाजार की मांग के आधार पर नए स्टोर, वेयरहाउस, उत्पादों की सूची और स्टॉक की मात्रा निर्धारित की जाएगी।

फ्रेंचाइजी मॉडल पर भी खुलेंगे स्टोर

निगम भविष्य में शिल्पित ब्रांड के स्टोर स्वयं संचालित करने के साथ फ्रेंचाइजी मॉडल पर निजी संचालकों को भी देने की योजना बना रहा है। इससे विभिन्न शहरों में उत्पादों की पहुंच बढ़ाने में मदद मिलेगी। निगम का उद्देश्य एमएसएमई उद्यमियों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के साथ अपने लिए आय का नया स्रोत विकसित करना है।
बैठक में उपाध्यक्ष नटवर गोयल, निदेशक शिशिर, प्रबंध निदेशक रोहित आनंद, राजीव कुमार श्रीवास्तव, अनिल कुमार सिंह और यज्ञेश सिंह सहित निगम के अन्य अधिकारी एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।

Previous articleनर्सेस संघ का आंदोलन तेज: रोजाना दो घंटे कार्य बहिष्कार जारी, अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
Next articleSGPGI: ब्लड डोनेशन गैंग का खुलासा, पैसे लेकर ब्लड डोनेशन करने आए दबंगों में विवाद

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here