kgmu कुलपति – संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा ही एक अच्छे डॉक्टर की पहचान’

0
28

केजीएमयू में 2026 बैच के एमबीबीएस-बीडीएस छात्रों का इंडक्शन

​लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के अटल बिहारी वाजपेयी साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में मंगलवार को एमबीबीएस और बीडीएस 2026 बैच के नवप्रवेशित छात्रों के लिए भव्य इंडक्शन एवं ‘व्हाइट कोट सेरेमनी’ का आयोजन किया गया। इस दौरान नवागत डॉक्टरों ने महर्षि चरक शपथ लेकर अपने चिकित्सीय सफर की शुरुआत की।

​चिकित्सा में नैतिकता और मानवीय मूल्य बेहद जरूरी: प्रो. सोनिया नित्यानन्द
समारोह को संबोधित करते हुए केजीएमयू की कुलपति प्रो. सोनिया नित्यानन्द ने नए छात्रों और उनके अभिभावकों को बधाई दी। उन्होंने कहा, “डॉक्टर बनना सिर्फ डिग्री हासिल करना नहीं, बल्कि अनुशासन, समर्पण, नैतिक मूल्यों और मानवीय संवेदनाओं को जीवन में उतारना है। मरीज के प्रति संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा ही एक सच्चे डॉक्टर की वास्तविक पहचान होती है।” उन्होंने छात्रों को सलाह दी कि वे हर मरीज के साथ सम्मानपूर्वक और संवेदनशील व्यवहार करें।

​महर्षि चरक की दिलाई गई शपथ
कार्यक्रम के दौरान अधिष्ठाता (डीन) डॉ. वीरेन्द्र आतम ने छात्रों का स्वागत करते हुए केजीएमयू की शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ्यक्रम और अनुशासन के मानकों से अवगत कराया। इसके बाद नवप्रवेशित छात्रों को महर्षि चरक शपथ दिलाई गई, जिसमें उन्हें चिकित्सा व्यवसाय की गरिमा बनाए रखने और ईमानदारी से मरीज सेवा करने का संकल्प दिलवाया गया।

​समारोह में वरिष्ठ अधिकारी और अभिभावक रहे मौजूद
इस अवसर पर प्रतिकुलपति डॉ. अंजू अग्रवाल, चीफ प्रॉक्टर डॉ. आरएएस कुशवाहा, अधिष्ठाता छात्र कल्याण डॉ. रश्मि कुशवाहा और कार्यवाहक अधिष्ठाता (दंत विज्ञान) डॉ. नन्द लाल समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कम्युनिटी मेडिसिन विभाग के डॉ. सौरभ कश्यप ने सभी अतिथियों और अभिभावकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

Previous articleकेजीएमयू कार्यपरिषद: आरक्षण व्यवस्था के तहत पहली बार दो सदस्य नामित

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here