काउंटर पर यह रखन अनिवार्य
लखनऊ। निजी अस्पतालों में भर्ती होने वाले या इलाज कराने आने वाले मरीजों को अब दवाओं के दाम और उनके स्टॉक को लेकर अंधेरे में नहीं रखा जा सकेगा। मरीजों के हितों की रक्षा और दवा बिक्री की व्यवस्था में पारदर्शिता लाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सख्त रुख अपनाया है। विभाग ने प्रदेशभर के अस्पतालों में संचालित फार्मेसियों की गहन जांच कराने का बड़ा फैसला लिया है। इसके तहत आगामी 23 नवंबर से 4 दिसंबर तक पूरे राज्य में एक विशेष निरीक्षण अभियान चलाया जाएगा।
काउंटर पर क्यूआर कोड और वेबसाइट पर पूरी जानकारी जरूरी
एफएसडीए के सहायक आयुक्त ब्रजेश कुमार ने इस अभियान की जानकारी देते हुए बताया कि विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अस्पतालों की फार्मेसी में आने वाले हर मरीज को दवाओं की सही कीमत और उनकी उपलब्धता की पूरी जानकारी आसानी से मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इससे पहले भी एफएसडीए ने पहली अक्टूबर को एक अहम आदेश जारी किया था। इस आदेश के तहत सभी फार्मेसियों को सख्त निर्देश दिए गए थे कि वे अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर फार्मेसी का लाइसेंस, तैनात फार्मासिस्ट का विवरण, दवाओं का साप्ताहिक स्टॉक और उनकी वास्तविक मूल्य सूची (प्राइस लिस्ट) अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।
्इ्सके अतिरिक्त, फार्मेसी के काउंटर पर वेबसाइट का यूआरएल (URL) या क्यूआर (QR) कोड चस्पा करने को भी कहा गया था, ताकि मरीज अपने मोबाइल फोन से स्कैन करके तुरंत दवाओं की उपलब्धता और उनके सही दाम की जांच कर सकें।
औषधि निरीक्षक करेंगे जमीनी हकीकत की जांच
पहली अक्टूबर को जारी किए गए इन्हीं निर्देशों के जमीनी अनुपालन की हकीकत परखने के लिए अब यह विशेष अभियान शुरू किया जा रहा है। अभियान के दौरान प्रदेश के सभी जिलों के औषधि निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) अपने-अपने क्षेत्रों के अस्पतालों में चल रही फार्मेसियों का औचक निरीक्षण करेंगे। निरीक्षण टीम मुख्य रूप से इस बात की जांच करेगी कि फार्मेसी संचालकों ने वेबसाइट पर निर्धारित सभी जानकारियां अपलोड की हैं या नहीं, और क्या मरीजों की सुविधा के लिए काउंटर पर क्यूआर कोड या यूआरएल स्पष्ट रूप से लगाया गया है।
मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
स्वास्थ्य सेवाओं में पारदर्शिता बढ़ाने की दिशा में एफएसडीए के इस कदम को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अक्सर अस्पतालों की फार्मेसी में दवाओं के मनमाने दाम वसूलने या स्टॉक छिपाने जैसी शिकायतें सामने आती रहती हैं। इस अभियान के सफल क्रियान्वयन से न केवल फार्मेसियों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता आएगी, बल्कि मरीजों को भी दवा खरीदने से पहले ही उसकी सही कीमत और उपलब्धता की सटीक जानकारी मिल सकेगी, जिससे उन्हें उचित मूल्य पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध हो पाएंगी।
♥ द एम्पल न्यूज़ को सहयोग दें
आपका छोटा-सा सहयोग द एम्पल न्यूज़ के संचालन और आगे बढ़ने में हमारी मदद कर सकता है। यदि आप सहयोग करना चाहें, तो PayTM के माध्यम से कर सकते हैं।












