चैत्र नवरात्र आज से
लखनऊ। चैत्र नवरात्र की शुरुआत 19 मार्च से आज से हो रही है। बृहस्पतिवार से शुरू होने वाला पर्व 27 मार्च को भगवान श्री राम नवमी मनाने के साथ संपन्न होगा। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, इस बार मां दुर्गा पालकी पर सवार होकर आयी हैं।
इन नौ दिनों में भक्त मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा अर्चना करेंगे। राजधानी के प्रमुख मंदिरों में साज-सज्जा से लेकर रंग-रोगन की तैयारियां हो चुकी हैं। चौक स्थित काली मंदिर, सद्दोहन देवी माता मंदिर, बख्शी का तालाब स्थित मां चंद्रिका देवी आदि मंदिरों में भक्तों की सुबह से भीड़ उमड़ी हुई थी। घरों में घट स्थापना और पूजन आदि किया जा रहा था।
बताते चलें कि नवरात्र की शुरुआत घटस्थापना से होती है, जिसे देवी शक्ति के आह्वान का प्रतीक माना जाता है। ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल ने बताया कि प्रतिपदा तिथि 19 मार्च को सुबह 06:52 बजे से प्रारंभ होकर 20 मार्च को सुबह 04:52 बजे समाप्त होगी। उदयातिथि के अनुसार, घटस्थापना 19 मार्च को ही होगी।
इस दिन चंद्रमा मीन राशि के उत्तराभाद्रपद नक्षत्र में रहेंगे, जिससे सर्वार्थ सिद्धि योग बनेगा।
ज्योतिषाचार्य एसएस नागपाल के अनुसार, इस वर्ष मां दुर्गा पालकी पर सवार होकर आ रही हैं। उन्होंने बताया कि मां दुर्गा का पालकी पर आना यह दर्शाता है कि इस वर्ष लोगों की भावनाएं अधिक संवेदनशील हो सकती हैं। समाज में सहानुभूति, करुणा और आध्यात्मिक झुकाव बढ़ सकता है। यह पर्व शक्ति साधना का सबसे महत्वपूर्ण समय माना जाता है।












