सरकार ने क्लोरफेनिरामाइन और फिनाइलएफ्रिन FDC पर लगाई रोक
नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने छोटे बच्चों की सेहत की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने क्लोरफेनिरामाइन मेलेट (Chlorpheniramine Maleate) और फिनाइलएफ्रिन हाइड्रोक्लोराइड (Phenylephrine Hydrochloride) के फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन (FDC) वाली सर्दी-जुकाम की दवाओं के निर्माण, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया है।
तकनीकी सलाहकार समूह की सिफारिश पर फैसला
यह कदम दवाओं पर बनी तकनीकी सलाहकार समिति (Technical Advisory Board) की सिफारिश के बाद उठाया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, चार साल से कम उम्र के बच्चों में इन सॉल्ट्स के कॉम्बिनेशन से साइड इफेक्ट्स का खतरा बना रहता है। इससे पहले सरकार ने अप्रैल 2025 में भी इस रसायन वाले कुछ चुनिंदा FDC पर पाबंदियां लगाई थीं, जिसे अब बढ़ाकर पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है।
दवा के रैपर पर चेतावनी लिखना अनिवार्य
स्वास्थ्य मंत्रालय ने फार्मा कंपनियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि इन दवाओं की पैकेजिंग और स्ट्रिप पर स्पष्ट रूप से चेतावनी लिखी जानी चाहिए:
”इस दवा का इस्तेमाल 4 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए नहीं किया जाना चाहिए।
माता-पिता के लिए मुख्य बातें
4 वर्ष से छोटे बच्चों को सर्दी-जुकाम होने पर डॉक्टर की बिना सलाह के ओवर-द-काउंटर (OTC) सिरप न दें।
सिरप या दवा खरीदते समय उस पर दी गई चेतावनी और सॉल्ट (Chlorpheniramine & Phenylephrine) की जांच जरूर करें।












