जांच में पान मसाला में कैंसरकारक रसायनों की मिलावट पकड़ी

0
34

खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, ₹15.70 करोड़ का सामान सील

​ लखनऊ । लखनऊ और कानपुर की पान मसाला निर्माण इकाइयों में कैंसर को बढ़ावा देने वाले खतरनाक रसायनों की मिलावट का सनसनीखेज खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) विभाग के विशेष चेकिंग अभियान के दौरान 15.70 करोड़ रुपये का संदिग्ध पान मसाला और मिलावटी कच्चा माल जब्त किया गया है।

​जांच में सामने आए ये खतरनाक रसायन
​अपर आयुक्त रेखा एस चौहान के नेतृत्व में 52 खाद्य सचल दलों ने छापेमारी की। प्रयोगशाला जांच में पान मसाला बनाने के लिए निम्नलिखित जानलेवा पदार्थों के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है:
​औद्योगिक चूना (Industrial Lime): पेट और आंतों को गंभीर नुकसान पहुँचाता है।
​मैग्नीशियम कार्बोनेट व लिक्विड पैराफिन: कैंसर जैसी जानलेवा बीमारियों का खतरा बढ़ाते हैं।
​गैम्बियर और प्रतिबंधित रंग: सुपारी को आकर्षक रंग देने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले विषैले केमिकल।

​कार्रवाई के मुख्य बिंदु
​55 इकाइयों पर छापेमारी: कुल 55 विनिर्माण इकाइयों की जांच की गई, जिनमें 19 चालू मिलीं और 36 बंद।
​339.69 क्विंटल सामग्री जब्त: 15.70 करोड़ रुपये मूल्य का 339.69 क्विंटल संदिग्ध खाद्य पदार्थ एवं अपमिश्रक सील किया गया।
​10.18 लाख का माल नष्ट: खराब और तुरंत खराब होने योग्य 36.15 क्विंटल मिलावटी सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

​92 सैंपल लैब भेजे गए: गुणवत्ता जांच के लिए कुल 92 नमूने संग्रहित कर लैब भेजे गए हैं।
​इन प्रमुख ब्रांड्स और कंपनियों पर गिरी गाज
​कानपुर (एसएनके एवं राधा रानी): ‘ग्रीनवर्थ इंटरप्राइजेज’ (SNK ब्रांड) का लाइसेंस निलंबित कर उत्पादन बंद कराया गया। वहीं ‘राधा रानी फ्रेगरेंस’ में एक ही परिसर में पान मसाला और तंबाकू दोनों का अवैध निर्माण मिलने पर परिसर सील कर दिया गया।

​लखनऊ (आरके एवं कलश ब्रांड): ‘राज किशोर सन्स’ (RK ब्रांड) का लाइसेंस निलंबित करने की संस्तुति की गई। ‘सत्य नारायण केशो राम प्रा.लि.’ (कलश ब्रांड) में भी तंबाकू और पान मसाला एक साथ बनाए जाने पर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू की गई।
​विभाग ने स्पष्ट किया है कि बंद पड़ी जिन इकाइयों में लाइसेंस की आड़ में दूसरा अवैध कारोबार चलाया जा रहा था, उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Previous article4 साल से छोटे बच्चों के लिए सर्दी-जुकाम की दवा का यह फॉर्मूला बैन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here