विश्व मधुमेह दिवस पर गर्भकालीन मधुमेह (GDM) पर विशेष सीएमई आयोजित

लखनऊ। विश्व मधुमेह दिवस 2026 के खास मौके पर संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGIMS) के एंडोक्रिनोलॉजी और पीडियाट्रिक एंडोक्रिनोलॉजी विभागों ने मिलकर एक विशेष सीएमई (CME) का सफल आयोजन किया। इस साल की थीम ‘मधुमेह में शीघ्र व त्वरित कार्रवाई’ के तहत यह पूरा सत्र मां और होने वाले बच्चे के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए गर्भकालीन मधुमेह (GDM) पर समय रहते कदम उठाने के लिए समर्पित रहा।
गरिमामयी उपस्थिति और मुख्य बिंदु
कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के दिग्गजों की मौजूदगी में हुई। एसजीपीजीआई के निदेशक पद्मश्री प्रो. आर. के. धीमन, कार्यवाहक डीन प्रो. आदित्य कपूर और एक्जीक्यूटिव रजिस्ट्रार कर्नल वरुण बाजपेयी ने इस पहल की पुरजोर सराहना की। उन्होंने गर्भावस्था के दौरान शुगर की शुरुआती जांच और एक एकीकृत (इंटीग्रेटेड) देखभाल प्रणाली की सख्त जरूरत पर जोर दिया। यह पूरा आयोजन एंडोक्रिनोलॉजी विभाग के कार्यवाहक प्रमुख डॉ. रोहित ए. सिन्हा के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
वैज्ञानिक सत्र: विशेषज्ञों के अहम व्याख्यान
कार्यक्रम के दौरान कई महत्वपूर्ण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें देश-विदेश के जाने-माने विशेषज्ञों ने अपने विचार रखे:
निदान और स्क्रीनिंग (डॉ. स्मृतिमयी पांडा): इन्होंने GDM के निदान पर बात करते हुए आधुनिक नैदानिक मानदंडों (Diagnostic Criteria) और स्क्रीनिंग प्रोटोकॉल की बारीकियों को समझाया।
प्रबंधन और जीवनशैली (डॉ. नचिकेता परमार): इन्होने गर्भावस्था के दौरान मेडिकल केयर, सही खान-पान (डाइट) और लाइफस्टाइल मैनेजमेंट के जरिए जीडीएम पर काबू पाने के प्रभावी उपाय बताए।
शिशु पर प्रभाव और दीर्घकालिक जोखिम (डॉ. अर्चना हाज़रा): इस सत्र में गर्भकालीन मधुमेह का बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले असर और प्रसवोत्तर (Postnatal) देखभाल रणनीतियों पर प्रकाश डाला गया।
सत्र का कुशल संचालन डॉ. श्रद्धा ने बेहद गरिमामयी अंदाज में किया, जबकि कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. शिवेंद्र वर्मा ने प्रस्तुत किया।
इन दिग्गजों और विशेष लोगों की रही भागीदारी
इस सीएमई में संस्थान के कई प्रतिष्ठित संकाय सदस्य—डॉ. अंबिका टंडन, डॉ. बिभूति बी. मोहंता, डॉ. पूजा तिवारी, डॉ. प्रशांत, डॉ. लक्ष्मीप्रिया, डॉ. अर्चना के, और डॉ. निरुपमा ने हिस्सा लिया। इनके अलावा भारी संख्या में रेजिडेंट डॉक्टर्स, स्टाफ मेंबर्स, पीएचडी स्कॉलर्स के साथ-साथ खुद मरीज और उनके तीमारदार भी इस जागरूकता अभियान का हिस्सा बने।
एसजीपीजीआई में 13 से 15 नवंबर तक चलने वाले इस विश्व मधुमेह दिवस जागरूकता कार्यक्रम के तहत मरीजों के लिए विशेष गतिविधियां रखी गई हैं। इसमें सही आहार, नियमित व्यायाम और निरंतर ग्लूकोज निगरानी (CGM) पर जोर दिया गया है। श्रृंखला की अंतिम कड़ी के रूप में 15 नवंबर को एक भव्य वॉकथॉन का आयोजन किया जाएगा।
♥ द एम्पल न्यूज़ को सहयोग दें
आपका छोटा-सा सहयोग द एम्पल न्यूज़ के संचालन और आगे बढ़ने में हमारी मदद कर सकता है। यदि आप सहयोग करना चाहें, तो PayTM के माध्यम से कर सकते हैं।












