KGMU: निजी अस्पताल इलाज के भेजने वाले आरोपी डॉक्टर की जांच शुरू

0
47

​लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के नेफ्रोलॉजी विभाग में मरीज को निजी अस्पताल भेजकर वसूली करने के गंभीर मामले में आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर पर शिकंजा कसने की तैयारी पूरी कर ली गई है। KGMU प्रशासन ने आरोपी डॉक्टर के खिलाफ विभागीय जांच शुरू करते हुए जवाब-तलब किया है। जांच के लिए गठित कमेटी जल्द ही अपनी रिपोर्ट कुलपति और वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपेगी, जिसके आधार पर सख्त कार्रवाई तय मानी जा रही है।

​’सरकारी में होगी देरी, प्राइवेट चलो’: झांसे में आकर परिजनों ने गंवाई जान और पैसे
बस्ती जिले के कुदरहा ब्लॉक निवासी पुष्पा (54) गंभीर किडनी रोग से पीड़ित थीं। परिजन उन्हें KGMU के नेफ्रोलॉजी विभाग की OPD में इलाज के लिए लाए थे। आरोप है कि बांड पर तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर ने फेफड़ों में संक्रमण बताकर तुरंत पाइप डालने की जरूरत जताई और KGMU में प्रक्रिया में देरी का हवाला देकर मरीज को दुबग्गा स्थित एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टर ने आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त इलाज का झांसा दिया था, लेकिन निजी अस्पताल में भर्ती कराने के बाद आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद परिजनों से करीब 1 लाख रुपये वसूल लिए गए। इलाज के दौरान मरीज की मौत हो गई।

​ऑडियो वायरल होने के बाद हरकत में आया प्रशासन
रविवार को आरोपी डॉक्टर और मृतक मरीज के बेटे विजय कुमार चौधरी के बीच हुई बातचीत का एक कथित ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इसमें डॉक्टर मरीज को निजी अस्पताल भेजने का सुझाव देते और वहां के एक अन्य डॉक्टर का जिक्र करते सुनाई दे रहे हैं। ऑडियो सामने आते ही KGMU प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और जांच के आदेश जारी कर दिए।

​चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक को भेजी जाएगी रिपोर्ट
KGMU के प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने बताया कि मामले की तफ्तीश तेजी से कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी और अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी, जिससे चिकित्सा शिक्षा महानिदेशक को भी अवगत कराया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निजी प्रैक्टिस और मरीजों की दलाली के मामलों में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

Previous articleऋषि पंचमी 15 को: जानें सप्त ऋषियों की पूजा का धार्मिक महत्व
Next articlePGI के ट्रॉमा सर्जनों का कमाल: VATS तकनीक से 1.2 लीटर मवाद निकालकर बचाई मरीज की जान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here