लखनऊ। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के 22वें दीक्षांत समारोह को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। आगामी 13 जुलाई को ‘अटल बिहारी वाजपेई सांइटिफिक कन्वेंशन सेंटर’ में आयोजित होने वाले इस भव्य समारोह को लेकर प्रशासन ने स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) के डिग्री व मेडल विजेता छात्रों के लिए बेहद महत्वपूर्ण गाइडलाइंस जारी की हैं।
अगर आप भी इस बार डिग्री या मेडल लेने जा रहे हैं, तो इन नियमों को ध्यान से पढ़ लें:
11 जुलाई को रिहर्सल में आना अनिवार्य
विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, सभी मेडल और डिग्री धारक छात्रों को 11 जुलाई को दोपहर 12 बजे आयोजित होने वाली रिहर्सल में शामिल होना अनिवार्य है। प्रशासन ने साफ किया है कि जो छात्र इस रिहर्सल का हिस्सा नहीं बनेंगे, उन्हें मुख्य समारोह के दिन प्रक्रिया में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है।
पैरेंट्स की एंट्री के लिए 30 जून तक का समय
समारोह में छात्रों के माता-पिता शामिल होंगे या नहीं, इसकी जानकारी विश्वविद्यालय ने मांगी है।
अंतिम तिथि: छात्रों को 30 जून तक अपनी सहमति देनी होगी।
लिमिट: प्रत्येक छात्र अधिकतम केवल दो अभिभावकों को ही आमंत्रित कर सकता है।
प्रतिबंध: समारोह में भाई-बहन, रिश्तेदारों या बच्चों को शामिल होने की अनुमति बिल्कुल नहीं दी जाएगी।
तय हुआ ड्रेस कोड: छात्रों के लिए पैंट-शर्ट, छात्राओं के लिए गुलाबी साड़ी
दीक्षांत समारोह की गरिमा को देखते हुए केजीएमयू प्रशासन ने सख्त ड्रेस कोड लागू किया है:
छात्र (पुरुष): सफेद शर्ट, नीली पैंट, काले जूते और काले मोजे पहनना अनिवार्य है।
छात्राएं (महिला): गुलाबी रंग की साड़ी और काले रंग के हाई हील्स जूते/सैंडल पहनना अनिवार्य किया गया है।
मोबाइल बैन और समय का रखें खास ख्याल
बड़ी चेतावनी: सुबह 10:30 बजे के बाद आने वाले छात्रों को अनुपस्थित (Absent) मान लिया जाएगा।
नो मोबाइल जोन: समारोह स्थल के भीतर मोबाइल फोन ले जाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा।
रिपोर्टिंग टाइम: एमबीबीएस (MBBS), बीडीएस (BDS) और अन्य सभी अंतिम वर्ष के छात्रों को कार्यक्रम शुरू होने से ठीक एक घंटे पहले अपनी निर्धारित सीट पर पहुंचना होगा।
सीट छोड़ना मना है: कार्यक्रम की गरिमा बनाए रखने के लिए आयोजकों ने निर्देश दिया है कि मंच पर जाने की प्रक्रिया और नियमों का कड़ाई से पालन करें। साथ ही, समारोह समाप्त होने से पहले कोई भी छात्र अपनी सीट नहीं छोड़ सकेगा।












