स्वाइन फ्लू को लेकर UP में स्वास्थ्य विभाग अलर्टः ब्रजेश पाठक

0
57

डिप्टी सीएम ने अपर मुख्य सचिव एवं स्वास्थ्य महानिदेशक को दिए सख्त निगरानी के निर्देश, पत्र जारी

कहा- अस्पतालों में हर परिस्थिति से निपटने के पर्याप्त इंतजाम, मरीजों की समय पर पहचान पर जोर

लखनऊ। प्रदेश में स्वाइन फ्लू के मामलों को देखते हुए उत्तर प्रदेश का स्वास्थ्य महकमा पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वाइन फ्लू की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए प्रदेश में निगरानी व्यवस्था और मजबूत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा महानिदेशक स्वास्थ्य को पत्र जारी कर स्वाइन फ्लू के मामलों की लगातार समीक्षा और प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने को कहा है। इन संबंध में पत्र भी जारी कर दिया गया है।

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रदेश के सभी जिलों में स्वाइन फ्लू से संबंधित मामलों पर पैनी नजर रखी जाए। साथ ही अस्पतालों में आने वाले संदिग्ध एवं संक्रमित मरीजों की स्थिति की नियमित निगरानी और आवश्यकता के अनुसार तत्काल उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में उपलब्ध संसाधनों, जांच एवं उपचार संबंधी व्यवस्थाओं की भी लगातार समीक्षा की जाए।
डिप्टी सीएम ने विशेष रूप से गंभीर मरीजों की समय रहते पहचान और तत्काल चिकित्सकीय उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मरीजों की स्थिति बिगड़ने से पहले उनकी पहचान कर उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि गंभीर परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

उन्होंने अस्पतालों में निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने के साथ ही स्वाइन फ्लू से संबंधित मामलों की सूचना एवं फॉलोअप व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थिति की नियमित समीक्षा करने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

*मरीजों को न हो उपचार में परेशानी*
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रदेश के अस्पतालों में आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध हैं और स्वास्थ्य विभाग किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अस्पतालों में आवश्यक दवाओं, जांच एवं उपचार की सुविधाएं और दुरुस्त रखी जाएं। मरीजों को उपचार के लिए किसी प्रकार की परेशानी न हो और जरूरतमंद मरीजों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध हो। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। स्वाइन फ्लू के मामलों को लेकर जिलों से मिलने वाली सूचनाओं की समीक्षा की जा रही है और आवश्यकतानुसार स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को और मजबूत किया जाएगा।

*जनता से अपील, घबराएं नहीं, सतर्क रहें*
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्वाइन फ्लू को लेकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार पूरी तरह तैयार है और स्वास्थ्य विभाग स्थिति की लगातार समीक्षा कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है, लेकिन किसी भी प्रकार की अफवाह या अनावश्यक भय से बचें। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वास्थ्य संबंधी परेशानी होने पर समय रहते चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की। साथ ही अधिकारियों एवं चिकित्सकीय टीमों को पूरी मुस्तैदी के साथ कार्य करने और मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। डिप्टी सीएम ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक नागरिक को सुरक्षित, सुलभ और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Previous articleरक्षाबंधन 28 अगस्त को: जानें भद्रा का समय और शुभ मुहूर्त

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here