– प्रदेश स्तरीय वर्चुअल बैठक में सभी संघों के पदाधिकारियों ने लिया निर्णय
लखनऊ। संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संघ की प्रदेश स्तरीय बैठक प्रदेश अध्यक्ष डॉ अनिल गुप्ता की अध्यक्षता में हुई। बैठक को मुख्य रूप से संघ के महामंत्री योगेश उपाध्याय ने संबोधित किया। योगेश ने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन उप्र. के तहत कार्यरत संविदा एएनएम की ओर से नियमित नियुक्तियों में आठ जुलाई को होने वाली पेट परीक्षा न लिये जाने, एनएचएम के तहत रुकी हुई स्थानांतरण नीति बहाल किये जाने, समान कार्य समान वेतन आदि की मांग है।
योगेश ने कहा कि इनके साथ ही अन्य मांगों के समर्थन और उनके समाधान के लिए ही समस्त एएनएम प्रदेश अध्यक्ष भाजपा कार्यालय लखनऊ एवं मिशन निदेशक के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पत्र प्रस्तुत करने प्रदेश भर से आ रही है। आयुष फार्मासिस्ट संघ के प्रदेश अध्यक्ष अम्मार जाफरी ने बताया कि उपरोक्त समस्याएं न केवल एक संवर्ग अपितु सभी संवर्गों की हैं। वर्ष 2016 में केंद्र सरकार द्वारा तीन फीसदी अतिरिक्त बजट मिलने के बाद भी कर्मचारियों की वेतन विसंगति दूर नहीं हो सकी है। प्रदेश संयोजिका सुनैना अरोड़ा ने कहा कि एएनएम संगठन संयुक्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन कर्मचारी संगठन उप्र. का अंग है। एएनएम के साथ किसी प्रकार का अमानवीय रवैया होने पर संगठन उनका समर्थन करते हुए आंदोलन करेगा।
बैठक में कोषाध्यक्ष प्रशांत सिंह चौहान, प्रदेश संयोजिका सुनैना अरोड़ा, आरबीएसके के प्रदेश अध्यक्ष डॉ आनंद प्रताप सिंह, आयुष फार्मासिस्ट संघ के प्रदेश अध्यक्ष अम्मार जाफरी, स्टाफ नर्स संघ के उपाध्यक्ष विजय वर्मा, एलोपैथ फार्मासिस्ट एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष प्रवीण यादव आदि रहे।
♥ द एम्पल न्यूज़ को सहयोग दें
आपका छोटा-सा सहयोग द एम्पल न्यूज़ के संचालन और आगे बढ़ने में हमारी मदद कर सकता है। यदि आप सहयोग करना चाहें, तो PayTM के माध्यम से कर सकते हैं।











