IAPSCON 2026: PGI के पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग का राष्ट्रीय मंच पर जलवा, मिले कई शीर्ष सम्मान
डिजिटल डेस्क: बेंगलुरु में आयोजित इंडियन एसोसिएशन ऑफ पीडियाट्रिक सर्जन्स के राष्ट्रीय सम्मेलन (IAPSCON 2026) में संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI), लखनऊ के पीडियाट्रिक सर्जिकल सुपर स्पेशियलिटीज विभाग ने अपनी अकादमिक और क्लिनिकल उत्कृष्टता की छाप छोड़ी है। सम्मेलन में विभाग के विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ फैकल्टी और रेजिडेंट डॉक्टरों को कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा गया।
प्रो. बसंत कुमार को ‘नेशनल लीडरशिप अवॉर्ड 2026’
सम्मेलन का मुख्य आकर्षण एसजीपीजीआई के पीडियाट्रिक सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. बसंत कुमार को “National Leadership Award 2026 in Paediatric Surgery” से सम्मानित किया जाना रहा। यह शीर्ष सम्मान उन्हें बच्चों की सर्जिकल केयर, आधुनिक शिक्षण, उच्चस्तरीय शोध और इस क्षेत्र में उत्कृष्ट अकादमिक नेतृत्व के लिए प्रदान किया गया।
प्रो. अंकुर मंडेलिया ने जीते दो प्रथम पुरस्कार
विभाग के प्रो. अंकुर मंडेलिया ने वैज्ञानिक सत्रों में अपने दो अलग-अलग शोधपत्रों (Research Papers) के लिए दो प्रथम पुरस्कार हासिल कर संस्थान का नाम रोशन किया:
पहला शोध: बच्चों में एक्स्ट्राहेपेटिक पोर्टल वेनस ऑब्स्ट्रक्शन (EHPVO) के लिए की जाने वाली पोर्टो-सिस्टमिक शंट सर्जरी के बाद गुर्दे (Kidney) पर पड़ने वाले प्रभावों का अध्ययन।
दूसरा शोध: बच्चों के इलाज में इंट्राऑपरेटिव एंटेरोस्कोपी की सुरक्षा और उपयोगिता पर आधारित।
रेजिडेंट डॉक्टरों की भी राष्ट्रीय मंच पर गूंज
फैकल्टी मेंबर्स के साथ-साथ एसजीपीजीआई के रेजिडेंट डॉक्टरों ने भी विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक सत्रों और शोध प्रस्तुतियों में शानदार प्रदर्शन करते हुए कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान अपने नाम किए।
संस्थान प्रबंधन और चिकित्सा जगत ने इस उपलब्धि पर पीडियाट्रिक सर्जरी विभाग को बधाई दी है।












