लोहिया संस्थान : सफाईकर्मियों को बंधक बनाकर पीटा, FIR की मांग को लेकर प्रशासनिक भवन का घेराव

0
144

नवजात का शव मिलने की सूचना देने पर सफाईकर्मियों को बंधक बनाकर पीटने का आरोप

​लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सैकड़ों की संख्या में महिला व पुरुष सफाईकर्मियों ने प्रशासनिक भवन का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाजी की। सफाईकर्मियों का गंभीर आरोप है कि इमरजेंसी के वॉशरूम में नवजात का शव मिलने की सूचना देने पर सुरक्षाकर्मियों ने उनके दो साथियों को करीब 5 घंटे तक कमरे में बंधक बनाकर रखा, मारपीट की और जातिसूचक गालियां दीं।

​वॉशरूम में मिला था नवजात का शव
​सफाईकर्मियों के अनुसार, सोमवार सुबह इमरजेंसी के ट्राएज एरिया में सफाई के दौरान वॉशरूम के भीतर एक नवजात का शव मिला था। कर्मचारियों ने तुरंत इसकी जानकारी संस्थान के उच्च अधिकारियों को दी, जिसके बाद पुलिस को मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

​5 घंटे कमरे में बंद रखकर मारपीट का आरोप
​पीड़ित सफाई कर्मी रामचंद्र और मोहन का आरोप है कि शव मिलने की सूचना देने के बाद उन्हें जबरन प्रशासनिक भवन ले जाया गया। वहां सुरजीत सिंह, राजेश यादव और अन्य सुरक्षाकर्मियों ने उनके साथ मारपीट व अभद्रता की। दोनों का दावा है कि उन्हें लगभग पांच घंटे तक एक कमरे में बंधक बनाकर रखा गया।
​सोमवार देर शाम दोनों पीड़ितों का एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें उन्होंने रो-रोकर अपनी आपबीती सुनाई और न्याय की गुहार लगाई।

​सड़क पर उतरे सफाईकर्मी, विभूतिखंड थाने में दी तहरीर
​वीडियो वायरल होने और घटना की जानकारी फैलते ही मंगलवार सुबह भारी संख्या में सफाईकर्मी लामबंद होकर प्रशासनिक भवन पहुंच गए। आक्रोशित कर्मचारियों ने आरोपियों पर तत्काल कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की और परिसर का घेराव किया।

​मामले में पीड़ित कर्मचारियों (रामचंद्र और मोहन) ने विभूतिखंड थाना प्रभारी को लिखित तहरीर दी है। तहरीर में सुरजीत सिंह, राजेश यादव समेत अन्य अज्ञात सुरक्षाकर्मियों के खिलाफ मारपीट, जातिसूचक गालियां देने और बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई व FIR दर्ज करने की मांग की गई है।
​अस्पताल परिसर में सुरक्षाकर्मियों और सफाईकर्मियों के बीच बने इस तनावपूर्ण माहौल के कारण दिनभर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।

Previous articleकेजीएमयू नर्सिंग कॉलेज: प्रदर्शनकारियों के दबाव में प्रिंसिपल का इस्तीफा

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here