KGMU में छात्रा की मौत के बाद भड़का नर्सिंग छात्रों का आक्रोश

0
233

छुट्टी न मिलने का आरोप लगाकर शुरू किया प्रदर्शन

​लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) में सोमवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बड़ी संख्या में नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने विभाग का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। 2025 बैच की 20 वर्षीय नर्सिंग छात्रा दिव्यांशी यादव की मौत के बाद भड़के छात्र विभाग परिसर में ही धरने पर बैठ गए और ‘वी वांट जस्टिस’ के नारे लगाने लगे।

​डेंगू से पीड़ित थी छात्रा, छुट्टी न देने का गंभीर आरोप
​प्रदर्शनकारी छात्रों का आरोप है कि दिव्यांशी यादव पिछले कई दिनों से बीमार चल रही थी और जांच में उसे डेंगू की पुष्टि हुई थी। तबीयत खराब होने के बावजूद संस्थान की ओर से उसे मेडिकल लीव (छुट्टी) नहीं दी जा रही थी। स्थिति बिगड़ने पर परिजन उसे इलाज के लिए वाराणसी ले गए, जहां तीन दिन पहले उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। छात्रा की मौत की खबर मिलते ही साथी छात्रों का सब्र टूट गया और वे सड़कों पर उतर आए।

​मौके पर पहुंचे वरिष्ठ अधिकारी, कार्रवाई की मांग पर अड़े छात्र
​घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए डीन नर्सिंग सहित केजीएमयू के कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और छात्रों को शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, आक्रोशित छात्र-छात्राएं जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।

​’नियमों का हो रहा उल्लंघन’
​छात्रों का कहना है कि संस्थान में इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) के नियमों और दिशानिर्देशों का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। प्रशासनिक मनमानी और तानाशाही का खामियाजा यहां पढ़ने वाले छात्रों को अपनी जान देकर भुगतना पड़ रहा है। छात्रों का स्पष्ट कहना है कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती, उनका प्रदर्शन जारी रहेगा।

Previous articlePGI: न्यूक्लियर मेडिसिन विभाग के 37वें स्थापना दिवस,देश, विदेश के विशेषज्ञों ने दी अपडेट जानकारी

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here