लखनऊ। प्रदेश में रविवार को ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प अभियान का भव्य शुभारंभ हुआ। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के ‘MY Bharat’ (माय भारत) मंच द्वारा संचालित इस राष्ट्रव्यापी जन-अभियान का राज्यस्तरीय कार्यक्रम किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) के ब्राउन हॉल में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से जुड़कर युवाओं को संबोधित किया, जबकि राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं।
100 सप्ताह तक चलेगा राष्ट्रव्यापी अभियान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के 10,000 से अधिक स्थानों से जुड़े एक करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र की प्रगति का सबसे बड़ा शत्रु है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी एक दिन का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि अगले 100 सप्ताह तक निरंतर चलेगा। इसके तहत देशभर में खेल, योग, ध्यान, नुक्कड़ नाटक, वाकाथॉन और सांस्कृतिक गतिविधियों के ज़रिए नशामुक्ति का संदेश जन-जन तक पहुँचाया जाएगा।
राज्यपाल का आह्वान: ‘हर युवा एक व्यक्ति को लत से मुक्त कराए।
मुख्य अतिथि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने युवाओं से सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने का आह्वान किया।
”प्रत्येक युवा कम-से-कम एक व्यक्ति को नशे की लत से मुक्त कराने का संकल्प ले। यदि हम एक व्यक्ति के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव ला सके, तो नशामुक्त समाज का सपना जल्द साकार होगा।”
— आनंदीबेन पटेल, राज्यपाल (उत्तर प्रदेश)
राज्यपाल ने KGMU के गोद लिए गए 5 गाँवों का उदाहरण देते हुए छात्रों को 10-10 के समूह में घर-घर जाकर सर्वे करने, नशे से प्रभावित लोगों की पहचान करने और उन्हें चिकित्सकीय परामर्श देने का सुझाव दिया। साथ ही, युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की सलाह दी।
गरिमामयी उपस्थिति और सामूहिक शपथ
कार्यक्रम में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव, KGMU की कुलपति पद्मश्री प्रो. (डॉ.) सोनिया नित्यानंद, सचिव सुहास एल.वाई. (IAS) और MY Bharat के राज्य निदेशक गोपेश पाण्डेय समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।
लखनऊ सहित प्रदेश के सभी ज़िलों और विकास खंडों में NSS स्वयंसेवकों, युवा मंडलों और विद्यार्थियों ने इस मेगा इवेंट में भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर सभी अतिथियों और छात्रों ने एक साथ ‘नशामुक्त भारत’ के निर्माण की सामूहिक शपथ ली।










