योग से स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का संदेश

0
24

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चिकित्सालय, लखनऊ में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस

महानिदेशक डॉ. एच.डी. अग्रवाल रहे मुख्य अतिथि, चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों ने सामूहिक योगाभ्यास कर दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर शासन द्वारा जारी निर्देशों के अनुपालन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय, लखनऊ में आज निदेशक डॉ जी पी गुप्ता के नेतृत्व में भव्य-योग कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सालय परिवार ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग को दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। योगाभ्यास योगगुरु डॉ पी के मिश्रा गुरुकुल कांगड़ी हरिद्वार एवं चिकित्सालय के आयुष विभाग के चिकित्सक डॉ राजेश्वर राव (पी एच डी योगा) एवं टीम द्वारा कराया गया । कार्यक्रम के पूर्व माननीय प्रधानमंत्री के योग कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एच.डी. अग्रवाल, महानिदेशक परिवार कल्याण, उत्तर प्रदेश उपस्थित रहे। इस अवसर पर पूर्व महानिदेशक डॉ. डी.एस. नेगी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवेश चंद्र पांडे तथा चिकित्सा अधीक्षक डॉ. शिवराज सिंह की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

कार्यक्रम में चिकित्सालय के चिकित्सकों, फार्मासिस्टों, नर्सेज , पैरामेडिकल स्टाफ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर सामूहिक रूप से योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। योगाभ्यास के उपरांत निदेशक डा जी पी गुप्ता ने सभी को यह संदेश दिया कि योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ तन, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है।

इस अवसर पर उपस्थित महानिदेशक डॉ हरि दास अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो आज पूरे विश्व को स्वास्थ्य, संयम और जीवन-शैली सुधार का मार्ग दिखा रही है। उन्होंने कहा कि अस्पतालों एवं स्वास्थ्य संस्थानों में योग जैसे कार्यक्रम न केवल कर्मचारियों में मानसिक शांति, एकाग्रता और कार्यक्षमता बढ़ाते हैं, बल्कि रोगियों के प्रति सेवा-भाव और सकारात्मक दृष्टिकोण को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान वातावरण में अनुशासन, ऊर्जा और उत्साह का अद्भुत समन्वय देखने को मिला। चिकित्सालय परिवार ने सामूहिक रूप से यह संकल्प भी दोहराया कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर इसे दैनिक दिनचर्या का अभिन्न हिस्सा बनाया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ डी सी पांडे ने सभी को धन्यवाद दिया ।
चीफ फार्मेसिस्ट सुनील यादव ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य संस्थानों में निरोगी भारत, स्वस्थ समाज और जागरूक जीवनशैली के संदेश को सशक्त रूप से आगे बढ़ाने वाला रहा है, सिविल चिकित्सालय हमेशा जनस्वास्थ्य के लिए सजग है ।

Previous article21 June: साल का सबसे लंबा दिन और योग दिवस; जानिए आज क्यों गायब हो जाएगी आपकी परछाई!
Next articleजल योग से स्वास्थ्य और जल संरक्षण का संदेश

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here