9 माह से KGMU में भर्ती यह 16 वर्षीय किशोर, घर-परिवार की तलाश में डॉक्टरों की अपील
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU) में पिछले करीब 9 माह से भर्ती एक 16 वर्षीय किशोर अपने घर-परिवार की पहचान नहीं बता पा रहा है। डॉक्टरों ने उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने के लिए आम लोगों से मदद की अपील की है।
जानकारी के अनुसार, किशोर 7 अगस्त 2025 को बाराबंकी में ट्रेन से गिरकर घायल हो गया था। गंभीर हालत में उसे उसी दिन KGMU लाया गया, जहां भर्ती कर इलाज शुरू किया गया।
न्यूरो सर्जरी विभागाध्यक्ष प्रो. बीके ओझा ने बताया कि जब यह किशोर आया था , तब किशोर के सिर में गंभीर चोट थी, जिसके बाद 8 अगस्त को उसका ऑपरेशन किया गया। इलाज के बाद उसकी हालत में सुधार है, लेकिन वह अब भी ठीक से बोल नहीं पा रहा है और अपने घर या परिजनों के बारे में कोई जानकारी देने में असमर्थ है। हमारी टीम का पूरा ध्यान देते हुए इलाज कर रही है। लेकिन फिर भी जिस घर की यह अमानत है उसके परिजन इसको तलाश रहे होंगे।
फिलहाल किशोर शताब्दी अस्पताल फेस-2 के पांचवें तल स्थित न्यूरो सर्जरी वार्ड में भर्ती है, जहां उसकी देखभाल की जा रही है।
अस्पताल प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि यदि कोई इस किशोर को पहचानता हो या उसके परिवार के बारे में जानकारी रखता हो, तो तुरंत संपर्क करें।
संपर्क करें:
सोशल सर्विस ऑफिसर अश्विनी
📞 9532962812
📞 7007326180











