लखनऊ।किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में फर्जी लेटर पैड के जरिए शिकायत भेजे जाने का मामला सामने आया है, जिससे संस्थान में हलचल मच गई। जांच में शिकायत पूरी तरह झूठी पाई गई है।
लखनऊ।भाजपा की महिला विधायक रमा निरंजन के नाम से किए गए एक शिकायत पत्र से जुड़ा है। इस पत्र में केजीएमयू के डीन पैरामेडिकल डॉ. केके सिंह पर आगजनी, तोड़फोड़, पेपर लीक और अनियमित तरीके से अस्पताल संचालन जैसे गंभीर आरोप लगाए गए थे। यह शिकायत 27 अगस्त 2025 को राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भेजी गई बताई गई थी।
शिकायत के आधार पर शासन ने जांच के आदेश दिए। जांच के दौरान जब विधायक रमा निरंजन से पुष्टि की गई, तो उन्होंने इस तरह की किसी भी शिकायत से साफ इनकार कर दिया। बाद में 12 अप्रैल को उन्होंने मुख्यमंत्री और केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद को पत्र लिखकर स्पष्ट किया कि उनके नाम और फर्जी लेटर पैड का दुरुपयोग किया गया है।
डीन डॉ. केके सिंह ने कहा कि उनके खिलाफ यह एक साजिश है। उन्होंने बताया कि पहले भी उनके खिलाफ मामलों की सुनवाई हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में हो चुकी है और अदालत के आदेश के बाद ही उन्होंने पुनः ज्वाइन किया था।
केजीएमयू प्रशासन ने इस मामले की विस्तृत रिपोर्ट राज्यपाल और मुख्यमंत्री को भेज दी है। साथ ही अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।
प्रशासन का कहना है कि मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











