*क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय सीएमई/कार्यशाला*
लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग द्वारा आज एच जी खुराना सभागार में “गंभीर रूप से बीमार रोगी को पोषण” विषय पर राज्य स्तरीय सीएमई/कार्यशाला का आयोजन किया गया। सीएमई का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में भर्ती मरीजों में कुपोषण की समस्या को उजागर करना था, जो मृत्यु और रुग्णता का एक प्रमुख कारण है। संपूर्ण प्रदेश से लगभग 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने इस कार्यशाला में भाग लिया।
एसजीपीजीआई, केजीएमयू, आरएमएलआईएमएस और एरा विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों ने अस्पताल में भर्ती मरीजों के प्रारंभिक पोषण, प्रतिरक्षा पोषण की भूमिका, एक्यूट लिवर फेल्यर और ऑन्कोलॉजी रोगियों के लिए पोषण और पोषण के तरीकों पर चर्चा की।
साथ ही प्रतिनिधियों के लिए एक प्रश्नोत्तरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें रेजिडेंट डॉक्टर, पोषण विशेषज्ञ और नर्सिंग स्टाफ शामिल थे। सीएमई का सफल आयोजन प्रोफेसर बनानी पोद्दार, आयोजन अध्यक्ष और प्रोफेसर अफजल अजीम, आयोजन सचिव के कुशल मार्गदर्शन में किया गया।












