विश्व ग्लोकोमा सप्ताह में नेत्र रोग विभाग द्वारा 14 मार्च को जनजागरुकता शिविर का आयोजन
लखनऊ। विश्व ग्लोकोमा सप्ताह 2026 के अवसर पर संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान के नेत्र रोग विभाग ओ०पी०डी० में दिनांक 14 मार्च 2026 को सुबह 10 बजे से अपरान्ह एक बजे तक निःशुल्क (फ्री) ग्लोकोमा परीक्षण एवं जनजागरुकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा ग्लोकोमा का परीक्षण किया जायेगा। 40 साल की उम्र पार कर चुके लोग जिनको मधुमेह, उक्त रक्तचाप एवं उनके परिवारिक सदस्य को ग्लोकोमा है, को नियमित जांच कराने की आवश्यकता हो सकती है।
इस बीमारी में आंख में दबाव (प्रेशर) बढता है, जिससे आंख की नस को धीरे-धीरे क्षति होती है और जिससे आंख की रोशनी कम हो जाती है तथा रोशनी दोबारा आने की संभावना कम हो जाती है। सही समय पर बीमारी का पता चलने और उसका इलाज प्रारम्भ करने से आंखों की रोशनी को बचाया जा सकता है। नेत्र रोग विभाग में ग्लूकोमा की जांच एवं उसके उपचार के लिये अत्याधुनिक उपकरण एवं अत्याधुनिक सर्जरी जैसे ग्लूकोमा बाल्ब सर्जरी एवं मिनिमल इंटेसिव ग्लोकोमा सर्जरी एवं पीडियाट्रिक ग्लोकोमा सर्जरी (ट्रेबेक्यूलोटोमी) की सुविधा उपलब्ध है।
ग्लोकोमा के बारे मे जानकारी ही इसका बचाव है। इस अवसर पर जन जागरूकता अभियान के तहत दिनांक 14.03.2026 दिन शनिवार समय सुबह 10 बजे से अपरान्ह 1 बजे तक संस्थान के नेत्र रोग विभाग की ओपीडी (आप्थाल्मालॉजी ओपीडी) पांचवी मंजिल नवीन ओपीडी भवन में ग्लोकोमा बीमारी पर विस्तार से चर्चा और निःशुल्क (फ्री) ग्लोकोमा परीक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। अधिक जानकारी के लिये डा० वैभव कुमार जैन, अतिरिक्त आचार्य, नेत्र रोग विभाग के मो० न० 8004221398 पर सम्पर्क किया जा सकता है।












