लखनऊ । किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय के आई रोग विभाग के पीछे स्थित मजार के चारो तरफ दोबारा बैरिकेडिंग लगाकर अवैध कब्जा करने पर प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। होली में अवकाश में अज्ञात लोगों ने अवैध बैरिकैडिंग लगा दी, बृहस्पतिवार को जब केजीएमयू खुला, तो मजार के चारो तरफ अवैध बैरिकैडिंग देख केजीएमयू प्रशासन में हड़कंप मच गया। आनन-फानन केजीएमयू प्रशासनिक अधिकारियों ने चौक पुलिस को पत्र लिखकर लीगल एक्शन करने की मांग की है।
केजीएमयू के गेट नंबर-एक के पास नेत्र विभाग है। विभाग के पीछे मजार है। इस मजार के चारो तरफ अवैध कब्जा था। दर्जनों की संख्या में अवैध दुकाने संचालित हो रही थी। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस प्रशासन ने मजार को छोड़कर बाकी स्थान से अतिक्रमण हटाया था। पांच मार्च को कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने मजार के चारों ओर फिर से बांस और बल्लियां लगा दी। अवैध रूप से बैरिकेडिंग कर दी गई।
प्रशासन का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई न्यायालय के आदेश की मंशा के विपरीत है। इससे दोबारा अतिक्रमण की स्थिति बन रही है। माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
अवैध बैरिकैडिंग की खबर मिलते ही आनन-फानन केजीएमयू प्रशासन मौके पर पहुंचे। मौके की वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी कराई। इस दौरान वहां कोई भी नजर नहीं आया।
फिर कार्यवाहक प्रॉक्टर डॉ. रीमा कुमारी ने चौक थाना प्रभारी को पत्र भेजकर पूरी स्थिति से अवगत कराया। अवैध बैरिकैडिंग हटाने को कहा है। साथ ही पत्र की प्रतिलिपि कुलसचिव, जनरल सर्जरी विभाग के नोडल अधिकारी, पुलिस महानिदेशक, पुलिस आयुक्त व अन्य अधिकारियों को भी भेजी। अधिकारियों का कहना है कि अवैध बैरिकेडिंग के कारण मजार के आस-पास अव्यवस्था की स्थिति पैदा हो रही है। भविष्य में यह समस्या और बढ़ सकती है।












