आल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेस फेडरेशन (AIGNF), नई दिल्ली
नर्सों ने दी चेतावनी संवाद नहीं हुआ तो अनिश्चितकालीन हड़ताल

न्यूज । आल इंडिया गवर्नमेंट नर्सेस फेडरेशन (AIGNF), नई दिल्ली के नेतृत्व में आज दिनांक 6 फरवरी 2026 को प्रातः 10 बजे से 1 बजे तक दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर एक ऐतिहासिक एवं विशाल धरना-प्रदर्शन का आयोजन किया गया। इस आंदोलन में दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, राजस्थान, असम, महाराष्ट्र, ओडिशा, छत्तीसगढ़, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश सहित देश के विभिन्न राज्यों से हज़ारों नर्सिंग कर्मियों ने भाग लिया।
यह धरना-प्रदर्शन दो
फरवरी से पांच फरवरी 2026 तक सफलतापूर्वक चले राष्ट्रीय ब्लैक बैज विरोध प्रदर्शन की निरंतरता में आयोजित किया गया, जिसमें नर्सों ने शांतिपूर्ण ढंग से अपना विरोध दर्ज कराया और यह सुनिश्चित किया कि मरीजों की सेवाएं पूरी तरह से निर्बाध बनी रहें। जंतर-मंतर पर आज की ऐतिहासिक उपस्थिति ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि देश का नर्सिंग समुदाय अपने अधिकारों, सम्मान और न्यायसंगत सेवा शर्तों के लिए पूरी तरह एकजुट है।
धरना-प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय सलाहकार श्रीमती जी.के. खुराना, अध्यक्ष श्रीमती रिंकी डांग, महासचिव श्रीमती अनिता पनवार एवं अतिरिक्त महासचिव श्री अशोक कुमार द्वारा किया गया। मंच से संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि नर्सें देश की स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं और नर्सिंग संवर्ग को सशक्त किए बिना गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं संभव नहीं हैं।
धरना-प्रदर्शन में प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें उठाई गईं:
• 8वें केंद्रीय वेतन आयोग से संबंधित नर्सिंग मुद्दों पर AIGNF से पूर्व परामर्श
• वेतन, भत्तों एवं यूनिफॉर्म अलाउंस में देशभर में एकरूपता
• नर्सिंग सेवाओं में निजीकरण, संविदा एवं ठेका प्रथा पर तत्काल रोक
• नर्सिंग संवर्ग का पुनर्गठन (Cadre Restructuring)
• वरिष्ठ एवं उच्च रिक्त पदों पर तत्काल पदोन्नति एवं नियुक्ति
• सुरक्षित नर्स-रोगी अनुपात सुनिश्चित किया जाना
• संविदा कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन
• योग्यता भत्ता (Qualification Pay) में संशोधन
• नर्सिंग अनुभाग को पूर्व की भांति प्रभावी स्वरूप में बहाल किया जाना
• नर्सों से जुड़े लंबित सेवा मामलों का शीघ्र समाधान
फेडरेशन ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन पूरी जिम्मेदारी और लोकतांत्रिक तरीके से किया जा रहा है तथा इसका उद्देश्य किसी भी प्रकार से स्वास्थ्य सेवाओं को बाधित करना नहीं, बल्कि सरकार का ध्यान नर्सों की वर्षों से लंबित, वास्तविक और जायज़ मांगों की ओर आकर्षित करना है।
देशभर के केंद्रीय संस्थानों, रेलवे, ESIC, AIIMS, मेडिकल कॉलेजों, राज्य सरकारों के अस्पतालों तथा विभिन्न नर्सिंग संगठनों के प्रतिनिधियों ने मंच साझा किया, जिससे यह आंदोलन एक राष्ट्रीय एकता का प्रतीक बन गया।
AIGNF ने सरकार को स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही फेडरेशन के साथ अर्थपूर्ण संवाद प्रारंभ नहीं किया गया, तो नर्सिंग समुदाय को आगामी दिनों में अनिश्चितकालीन हड़ताल जैसे कठोर कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
फेडरेशन ने केंद्र सरकार से अपील की है कि वह नर्सों के अमूल्य योगदान को समझे, तुरंत संवाद स्थापित करे और समस्याओं का समाधान करे। नर्सों की मांगों का समय पर निस्तारण न केवल उनके मनोबल को बढ़ाएगा, बल्कि देश की सार्वजनिक स्वास्थ्य व्यवस्था को भी सुदृढ़ करेगा।
“जब देश की सेहत की देखभाल करने वाले सड़कों पर उतरने को मजबूर हों, तो यह पूरे राष्ट्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।















