लखनऊ। किंग जार्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में पीडियाट्रिक आंकोलॉजी विभाग का बाल रोग विभाग में विलय होने जा रहा है। इस विलय के होने के बाद बच्चों के कैंसर को और बेहतर आैर उच्चस्तरीय इलाज मिल सकेगा।
वर्तमान में अभी दोनों विभाग अलग अलग चल रहे हैं। ऐसे में बाल रोग विभाग में आने वाले बच्चे में यदि कैंसर की पुष्टि होती है, तो उसे पीडियाट्रिक आंकोलॉजी विभाग में रेफर करना पड़ता है। अभी पीडियाट्रिक आंकोलॉजी विभाग में कोई विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं है। इससे मरीजों को परेशानी होती है।
इसके लिए केजीएमयू पीडियाट्रिक विभाग की तरफ से शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
जहां से निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई होगी। वर्तमान में पीडियाट्रिक्स आंकोलॉजी विभाग को बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. निशांत वर्मा देख रहे हैं। पीडियाट्रिक्स आंकोलॉजी में कुल चार सीटें है, लेकिन यहां डाक्टरों की तैनाती के लिए विज्ञापन जारी किया गया, लेकिन नियुक्ति नहीं हो सकी।












