लखनऊ। राजधानी में कोरोना संक्रमण का प्रकोप कम हो रहा है, लेकिन दिल्ली-एनसीआर में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ने के कारण त्यौहार पर वापसी के दौरान नौकरी पेशा वालों पर घर वापसी पर नजर रखने के निर्देश दे दिये है, इसके लिए जिला स्वास्थ्य विभाग की टीमें बस स्टेशन व रेलवे स्टेशन पर तैनात कर दी गयी है। जो इन जगहों से आने वालों की पूरी जानकारी रखेंगी, ताकि कोरोना संक्रमण के दोबारा फैलने का खतरा न बन सके।
सीएमओ डॉ. संजय भटनागर ने बताया कि त्यौहार पर लोग अपने घरों पर काफी संख्या में आते है, ऐसे में बिहार व दिल्ली-एनसीआर से आने वालों पर विशेष नजर रखी जाएगी, जिसके तहत विभाग की ओर से टीमें बस व रेलवे स्टेशन पर तैनात रहेगी, जो इन जगहों से आने वाली टे्रनों व बसों में आने वाले यात्रियों पर नजर रखेंगी। निरीक्षण के दौरान अगर कोई लक्षण नजर आते है, तो उसे जांच कराने के लिए तत्काल भेजा जाएगा। यहीं नही आने वाले यात्रियों का फालोअप के लिए नाम व फोन नंबर भी दर्ज किया जाएगा।
सीएमओ का कहना है कि कोविड सर्विलांस को लेकर घर में जाकर जानकारी के लिए बनी टीमों को अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है, जहां टीमों निरीक्षण में बाहर से आने वाले लोगों की जानकारी लेगी अौर उसकी पूरी डिटेल नोट की जाएगी, ताकि अगर कोई संक्रमण हो तो तत्काल उनकी जांच कराई जा सके।












