लखनऊ । राजधानी में रविवार को 23 नए मरीजों में कोरोना संक्रमण मिला, वही कोरोना की जंग जीत कर 25 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सर्विलान्स एवं कान्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर 482 लोगों के सैम्पल जॉच के लिए केजीएमयू भेजा गया है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार 23 मरीजों में एलडीए में तीन, मीरा बाई मार्ग-2 आैर कृष्णानगर के जफरखेडा, चौपटिया, मलिहाबाद, चौक, आरडीएसओ, इन्दिरानगर, मड़ियांव, सरोजनीनगर, आलमबाग, कृष्णानगर, कमला नेहरू मार्ग, हुसैनाबाद, गोमतीनगर, निराला नगर, ठाकुरगंज, राजेंद्र नगर, आईआईएम रोड, रुचि खंड में एक-एक रोगी रहने वाले हैं।
वही कोरोना संक्रमण से ठीक 25 रोगियों को डिस्चार्ज किया गया है, इनमें केजीएमयू से तीन, एसजीपीजीआई से तीन, लोकबंधु अस्पताल से 12, लोहिया संस्थान से एक आैर बक्शी का तालाब स्थित राम सागर मिश्र अस्पताल (आरएसएम) से छह मरीजों को छुट्टी दी गयी, इनमें इंदिरानगर कालोनी के अजय नगर में तीन, अमीनाबाद के दो आैर मोहनलालगंज का रहने वाला एक मरीज शामिल है।
इंदिरानगर में कोरोना वायरस के प्रसार को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सामुदायिक संक्रमण का पता लगाने के लिए वृहद स्तर पर जांच करायी है। अलग-अलग इलाके के लोगों की रैंडम जांच करायी गयी। करीब 250 लोगों के नमूने लिए गए। सिर्फ एक व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। करीब दो सप्ताह से इंदिरानगर में जांच करायी जा रही है। नगरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के लैब टेक्नीशियन व उनकी टीम अभियान में लगी है। अब तक रिक्शा चालक, पटरी दुकानदार, फल-सब्जी विक्रेता, मेडिकल स्टोर संचालक, ऑटो-टैम्पो चालक के नमूने लिए गए। किसी में भी संक्रमण की पुष्टि नहीं हुई।












