लखनऊ। सीएम हेल्पलाइन सेंटर के छह कर्मचारी समेत 17 लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि की गयी। इनमें से सीएम हेल्पलाइन के कर्मचारियों के चार परिवारीजन, निरालानगर में दो, जीआरपी के दो जवान, पीएसी का एक जवान, कृष्णानगर में एक आैर मोहनलालगंज का एक कर्मचारी शामिल है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अभी तक राजधानी में 596 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाये गये जबकि 198 का उपचार जारी है।
सीएम हेल्पलाइन के कर्मचारी लगातार कोरोना की चपेट में आ रहे हैं। रविवार को छह आैर कर्मचारियों में कोरोना की पुष्टि की गयी है। इनके चार परिवारीजन भी कोरोना संक्रमित हो गये हैं। इन्हें गोमतीनगर स्थित डा. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया है। सीएम हेल्पलाइन के अधिकारियों से उनके कर्मचारियों की पता समेत सूची मांगी गयी है। कोरोना वायरस के सम्बन्ध में सर्विलान्स एवं कान्टेक्ट ट्रेसिंग के आधार पर स्वास्थ्य विभाग की टीम निगरानी में जुटी है। अभी तक यहां कोरोना संक्रमितों की संख्या पचास से अधिक पहुंच चुकी है।
इसके अलावा निरालानगर में दो लोगों में कोरोना की पुष्टि की गयी है। अभी हाल में इलाके में चार लोग कोरोना की चपेट में आ चुके हैं। जीआरपी के दो जवान कोरोना की पुष्टि की गयी, इससे पहले 28 जवानों में कोरोना की पुष्टि की चुकी है। दूसरी तरफ तीन दिन पहले एक पीएसी के जवान में कोरोना की पुष्टि के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने करीब 35 पीएसी के जवानों के सैम्पल लिए थे, इनमें एक आैर कोरोना पॉजिटिव हो गया। इसी प्रकार पीजीआई का एक आैर संविदाकर्मी कोरोना की चपेट में आया है।












