लखनऊ। गोमती नगर स्थित डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान ने कोरोनावायरस आैर उसके संक्रमण के प्रति लोगों को जागरूक करना शुरू कर दिया है। इस तरह का पहली बार कोरोना संक्रमण के प्रति जागरूकता अभियान किसी अस्पताल में चलाया जा रहा है। इसका रिजल्ट भी आना शुरु हो गया है। लोगों ने सोशल डिस्टेसिंग का पालन करना शुरू कर दिया है। संस्थान की इमरजेंसी में आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को वायरस व संक्रमण की लगातार जानकारी दी जा रही है। लोगों को यह भी समझाया जा रहा है कि अस्पताल में किस तरह से नियमों का पालन करते हुए खुद को संक्रमण से बचते हुए कार्य को करना है।
संस्थान के निदेशक डा. एक त्रिपाठी के निर्देश पर आने लोगों को कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करने व संक्रमण से बचने के लिए जागरूकता शुरू कर दी है। इमरजेंसी मेडिसिन विभाग के डॉ राजीव रतन सिंह लोगों को जागरूक करने के लिए प्रत्येक दो घंटे में इमरजेंसी में लगी भीड़ को सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए कोरोना संक्रमण के बारे में सहज ढंग से लोगों को लाउडस्पीकर के माध्यम से जागरुक कर रहे हैं। जागरूक करने की यह प्रक्रिया हॉस्पिटल ब्लॉक के मेन गेट से लेकर कोरोनावायरस की जांच काउंटर और इमरजेंसी गेट तक चलती रहती है।
इस दौरान मरीज को अस्पताल ले जाते समय बरती जाने वाली सावधानी और पॉजिटिव पाए जाने के बाद तीमारदार को स्वंय संक्रमण से बचने के बारे में जानकारी देते हैं। डॉ सिंह ने बताया कि लाउडस्पीकर से लगातार जागरूक करने से मरीज व तीमारदार सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कर रहे हैं। वेटिंग एरिया में मौजूद मरीज और तीमारदार एक दूसरे से दूरी बनाकर रह रहे हैं। इससे यह फायदा होता है कि यदि कोई मरीज पॉजिटिव है तो वह दूसरे लोगों तक वायरस नहीं फैला पड़ता है।












