लखनऊ। कोरोना संक्रमित मरीजों का इलाज करने के कारण राजधानी पांच निजी अस्पतालों के कुछ संक्रमित क्षेत्रों को 24 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है। इनमें निशातगंज स्थित फातिमा हास्पिटल, एपी सेन रोड स्थित होप मदर एंड चाइल्ड केयर, सीतापुर रोड पुरनिया स्थित बागा स्पेशिलिस्ट हॉस्पिटल, विवेकानंद अस्पताल आैर आलमबाग स्थित अवध हास्पिटल की कुछ संक्रमित क्षेत्रों को बंद किया गया है। वही कोरोना मरीज के संपर्क में आये डाक्टर और कर्मचारियों को होम क्वारंटीन रहने के निर्देश दिये गये हैं।
फातिमा हास्पिटल की चार नर्स में कोरोना की पुष्टि की गयी है। दूसरी तरफ राजेन्द्र नगर निवासी एक युवक सांस लेने दिक्कत होनी पर आईटी चौराहे स्थित विवेकानंद अस्पताल में इलाज के लिए गया था। यहां डॉक्टर ने कोविड जांच रिपोर्ट मांगी। युवक ने निजी लैब से जांच करवायी। बुधवार को आई रिपोर्ट में उसे कोरोना की पुष्टि हुई। अस्पताल प्रशासन के अनुसार एक भाग को बंद किया गया है, बाकी सभी सेवाएं सुचारू से जारी हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने एपी सेन रोड स्थित होप मदर ऐंड चाइल्ड केयर अस्पताल बंद करने का आदेश दिया है। फूलबाग में कोरोना संक्रमित मिली महिला को लोकबंधु अस्पताल में शिफ्ट किया गया था। केस हिस्ट्री से शनिवार को पता चला कि वह गर्भवती है और होप मदर एंड चाइल्ड केयर में इलाज करवा रही थी। इस जानकारी के बाद सीएमओ ने अस्पताल बंद करने का आदेश दिया है। इसके साथ पूरे स्टाफ की जांच के लिए नमूने भी लिए गए हैं।
सीएमओ ने डा. नरेंद्र अग्रवाल ने बताया कि कोरोना संक्रमण की पुष्टि के बाद होप मदर एंड चाइल्ड केयर अस्पताल तुरंत बंद करने का आदेश दिया गया है। इसके साथ करीब वहां के 10 स्टाफ, डाक्टर को परिवारीजनों और नौकर आदि का नमूना लेने के बाद सभी को क्वारंटीन रहने को कहा गया है। इसके अलावा आलमबाग स्थित अवध हास्पिटल की कुछ यूनिट बंद की गयी है, यहां एक मरीज उपचार कराने आया था, जिसकी पीजीआई में जांच में कोरोना की पुष्टि की गयी है। इसके साथ ही अस्पताल से संपर्क में आए डाक्टर और पैरामेडिकल स्टाफ की सूची मांगी गई है।












